मधुबन-बापूधाम : 50 फीसदी
भवन तैयार, आवंटन जल्द
गाजियाबाद। मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना में पहले प्रधानमंत्री आवास योजना का काम तेज गति सेजारी है। जीडीए उपाध्यक्ष ने अभियंत्रण अनुभाग को जल्द पीएम आवास का निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। वर्तमान में 856 पीएम आवास का करीब 80 फ़ीसदी काम पूरा हो चुका है। इनमें से आधे भवनों की फिनिशिंग का काम तेज गति से जारी है। ऐसे में आधे भवनों का आवंटन मई तक होने की संभावना है।
मधुबन में प्रधानमंत्री आवास योजना के भवनों के ड्रॉ की प्रक्रिया फरवरी 2020 में पूरी हो चुकी है। ऐसे में काम पूरा होने के साथ ही सिलसिलेवार भवनों का आवंटन शुरू कर दिया जाएगा। कोरोना के चलते जीडीए को पीएम आवास का काम पूरा करने के लिए सितंबर 2021 तक कार्य विस्तार मिला है, लेकिन काम के दो से ढाई महीना पहले पूरा होने की संभावना है। जीडीए सचिव संतोष कुमार राय ने बताया कि मधुबन में पीएम आवास का निर्माण कार्य तेज गति से जारी है। शेष बचे निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।