लोनी। बिजली कटौती के विरोध में बुधवार को हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने बंथला स्थित लोनी तहसील में विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि लोनी में लगातार बिजली कटौती से रहना दुष्वार हो रहा है। इस संबंध में एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सुनवाई नहीं हुई तो धरना दिया जाएगा।
हिंदू रक्षा दल के संगठन मंत्री अमित प्रजापति ने बताया कि लोनी बिजली कटौती, सड़क, जलभराव आदि समस्यओं से जूझ रहा है। कटौती की समस्या से लोग त्रस्त हैं। घरों में पानी की किल्लत हो जाती है। गर्मी से घर के बुजुर्ग और बीमार लोगों को ज्यादा परेशानी हो रही है। लोनी की कई कॉलोनियों में 30 घंटों से भी ज्यादा कटौती हुई है। लोगों ने सड़कों पर निकाल कर प्रदर्शन भी किए, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। अधिकारियों को बार-बार कॉल किया जाता है, लेकिन फोन नहीं उठाते हैं। इसके विरोध में हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं के साथ वह लोनी तहसील पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने उर्जा निगम के लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर पहुंचे लोनी उपजिलाधिकारी दीपक कुमार को ज्ञापन सौंरा। साथ ही मांग की कि लापरवाह अधिकारियों को लोनी क्षेत्र से हटाया जाए। अगर लोनी विद्युत व्यवस्था का शीघ्र समाधान नही किया गया तो हिंदू रक्षा दल व लोनी के सामाजिक संगठन के कार्यकर्ता लोनी तहसील प्रांगण में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने को मजबूर होंगे। एसडीएम न आश्वासन दिया कि जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।