हापुड़ में हुई एक दुर्घटना सीसीटीवी में कैद
- फोटो : वीडियो ग्रैब
हापुड़ में अलग-अलग हुए दो सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में दो सगे भाई और पिता पुत्री शामिल हैं। दोनों परिवारों में मौत के बाद कोहराम मचा है।
बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव सिमरौली निवासी कृष्णपाल (50) अपने भाई चंद्रपाल (65) और गांव के ही हीरालाल (55) सोमवार रात बाइक पर सवार होकर किसी काम से गुलावठी जा रहे थे। हाफिजपुर थाना क्षेत्र के अन्तर्गत हाईवे 334 ब्रजनाथपुल नहर पुल के पास पीछे से आई तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में तीनों की मौत हो गई।
दूसरी घटना में मुरादनगर के मोहल्ला नूरगंज निवासी सलमान (38) अपनी पत्नी शबाना, दो पुत्री आफिया (7) व अज्जा के साथ मंगलवार सुबह बाइक पर सवार होकर हापुड़ अपनी रिश्तेदारी में आ रहा था। जैसे ही बाइक मोदीनगर रोड पर हापुड़ में गांव बदनौली के समीप पहुंची तो सामने से आई कार ने टक्कर मार दी। बाइक सवार सभी लोग घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां सलमान और उसकी पुत्री आफिय़ा ने दम तोड़ दिया। एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना के बाद कैंटर और कार को कब्जे में ले लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।