गाजियाबाद। स्लॉटर हाउसों पर जीएसटी विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सोमवार को जिले में संचालित स्लॉटर हाउसों के रिटर्न की जांच डेटा विश्लेषण पोर्टल पर की गई। अधिकारियों का कहना है कि जांच में कुछ कमियां पाई गई हैं। इनकी सूची तैयार की जा रही है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। जीएसटी के अपर आयुक्त ग्रेड वन जोन प्रथम रामकेश्वर ने बताया कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जीएसटी विभाग को अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे स्लॉटर हाउसों में चल रहे कारोबार के दस्तावेजों और आय-व्यय की जांच के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में जीएसटी की एसआईबी टीम अपने-अपने क्षेत्रों में स्लॉटर हाउसों की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले हफ्ते खाड़ी देशों में फ्रोजन मीट की सप्लाई करने वाली गाजियाबाद की अल नासिर एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के डासना और ग्रेटर नोएडा के फर्म पर जीएसटी की विशेष अनुसंधान शाखा ने एक साथ छापा मारा था। दोनों जगहों पर करीब 10 घंटे तक चले छापे में 11 करोड़ 12 लाख का टर्नओवर फर्म की ओर से कम दर्शाने का खुलासा हुआ है। इसके साथ ही करीब 57 लाख की कर चोरी पकड़ी गई है। सोमवार को भी टीम ने कई स्थानों पर चल रहे स्लॉटर हाउसों की रेकी कर जानकारी एकत्र की है। जल्द ही छापा मारकर कार्रवाई की जाएगी।
यह होगी जांच
कहां से खरीदफरोख्त हो रही है। कितने का कारोबार हो रहा है और कितना टैक्स सरकार को जमा किया जा रहा, कहां सप्लाई हो रहा है, इन सब बिंदुओं की जांच के लिए जीएसटी विभाग डेटा एकत्र कर रहा है।