साहिबाबाद। वैशाली सेक्टर-2 स्थित रामलीला मैदान में इस वर्ष 31वीं मां दुर्गा रामलीला का मंचन किया जाएगा। इस बार रामलीला में स्थानीय कलाकारों को प्रमुख किरदारों की जिम्मेदारी दी गई है। वैशाली निवासी लेखाकार शैलेश बिंजोला भगवान राम, जबकि बीकॉम स्नातक और निजी कंपनी में ग्राफिक्स डिजाइनर के रूप में काम करने वाली भव्या अधिकारी सीता मां की भूमिका निभाएंगी। वहीं आशीष कुकरेती लक्ष्मण का किरदार निभाएंगे।
रामलीला की खास बात यह है कि दो सगी बहनें कैकेयी और कौशल्या की भूमिका निभाएंगी। सीमा नेगी कैकेयी और उनकी बहन देवकी रावत कौशल्या का किरदार निभाएंगी। दोनों उत्तराखंड से हैं और लंबे समय से रामलीला मंचन से जुड़ी हुई हैं।
देवकी रावत पिछले 31 वर्षों से मां दुर्गा रामलीला कमेटी से जुड़ी हैं और पिछले छह वर्षों से कौशल्या की भूमिका निभा रही हैं। वहीं सीमा नेगी वर्ष 2006 से रामलीला में अभिनय कर रही हैं। रामलीला में कंचन पटवाल सुमित्रा, कैलाश भट्ट दशरथ, प्रहलाद सिंह रावत रावण और भैरव भाकुनी राजा जनक की भूमिका में नजर आएंगे। कलाकारों का कहना है कि रामलीला में अभिनय उनके लिए केवल धार्मिक आयोजन का हिस्सा बनना नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का माध्यम भी है।
मां दुर्गा रामलीला कमेटी वैशाली की ओर से आयोजित यह रामलीला कौशांबी, वैशाली, वसुंधरा और इंदिरापुरम क्षेत्र में लंबे समय से प्रमुख आयोजन रही है। कमेटी इस वर्ष 31वें वर्ष के रामलीला मंचन की तैयारियों में जुटी है। आयोजन में स्थानीय कलाकारों की भागीदारी से क्षेत्र के लोगों में भी उत्साह है। रामलीला को सालों से निर्देश कर रहे हिमांशु लखेड़ा और मां दुर्गा रामलीला समिति के अध्यक्ष दिनेश लखेड़ा का कहना है कि इस साल होने वाली रामलीला के मंचन की तैयारी जोरों पर हैं। कई बार की रिहर्सल और तैयारी के बाद कलाकारों का सभी पात्रों को लिए चयन किया गया है।