राजा समेत 100 भाजपाइयों पर बलिया में रिपोर्ट दर्ज
- फोटो : अमर उजाला
बलिया के सिंकदरपुर में किसानों द्वारा डीएम का घेराव करने और इसे लेकर भाजपाइयों पर रिपोर्ट दर्ज किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस धरने का नेतृत्व करने वाले भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजा वर्मा ने इसे प्रदेश सरकार की तानाशाही बताया है।
गाजियाबाद में रहने वाले राजा वर्मा का कहना है कि प्रदेश सरकार किसानों की समस्या को सुनने और उसका समाधान करने की बजाय उनकी आवाज को दबाना चाहती है। राजा वर्मा ने बताया कि किसानों के मुआजवे की मांग को लेकर मंगलवार बलिया के सिकंदरपुर इलाके में तहसील दिवस के दौरान ही वह किसानों के साथ धरने पर बैठे थे।
इस दौरान किसानों ने कई बार बलिया के डीएम से बात करनी चाही, मगर उन्होंने बात ही नहीं की। जब डीएम अपनी कार में जाने लगे तो किसानों ने उनका घेराव किया। इसी से क्षुब्ध होकर अब उनके समेत 100 भाजपाइयों के खिलाफ गंभीर धाराओं में बलिया के सिंकदरपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
राजा वर्मा ने बताया कि इसी मामले को लेकर अब लखनऊ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य और संगठन मंत्री सुनील बंसल ने शुक्रवार को आपात बैठक बुलाई है। इसमें भाग लेने के लिए राजा वर्मा भी लखनऊ रवाना हो गए हैं।