प्रेसवार्ता में जानकारी देते जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती।
- फोटो : संवाद
- 17 मार्च से रामलीला मैदान में धरना देंगे शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती
- गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने और ठोस कानून बनाने की मांग
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। पांडवनगर स्थित सुखसागर फार्म में जगदगुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने सोमवार को ऐलान किया है कि अगर सरकार गौरक्षा पर ठोस कानून बनाने के लिए अपना रुख साफ नहीं करती है तो वह 17 मार्च को रामलीला मैदान में धरना देंगे। वो दिल्ली के रामलीला मैदान में सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक धरने पर बैठेंगे। जब तक सरकार का प्रतिनिधि वहां पहुंचकर गौरक्षा के लिए कानून बनाए जाने पर अपना रुख साफ नहीं करेगा तब तक वह धरने पर बैठे रहेंगे। शाम तक अगर सरकार की तरफ से कोई जवाब नहीं आया तो वहीं से वह कठोर रणनीति बनाकर उसकी घोषणा करेंगे।
उन्होंने कहा कि यह सरकार गौरक्षा के नाम पर सत्ता में आई। वादा किया था कि वह गाय की हत्या रोकने के लिए कड़े कानून बनाए जाएंगे और गाय को राष्ट्रमाता घोषित किया जाएगा। लेकिन सत्ता में आने के बाद सभी वादे भूला दिए गए। इस दौरान डासना मंदिर के पीठाधीश्वर यति नरसिंहानंद सरस्वती, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेश आहूजा, राष्ट्रीय प्रवक्ता रेखा चौधरी, शैलेंद्र योगीराज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।