संवाद न्यूज एजेंसी
गाजियाबाद। स्कूलों में छात्रों की अपार आईडी और पीएम आवास सर्वे का कार्य शुरू हो गया है। इसमें कई बच्चों की जन्मतिथि तो महिलाओं के आधार में संशोधन का कार्य होना है। स्कूलों में बच्चों के आधार कार्ड की मांग भी की जा रही है। इसकी वजह से आधार सेंटर पर रोजाना करीब 800 लोग आधार संबंधी समस्याओं को लेकर पहुंच रहे हैं। दूसरी ओर डाकघरों में रोजाना सर्वर की समस्याएं आने की वजह से लोग कम पहुंच रहे हैं। स्थिति यह हो गई है कि लोग सुबह सात बजे से ही आधार केंद्र पर लाइन में खड़े होने को पहुंच जा रहे हैं।
जिले में वर्तमान में एक ही आधार केंद्र का संचालन हो रहा है। इसके अलावा डाकघर और बैंकों में आधार संबंधी कार्य किए जा रहे हैं। बैंक और डाकघर में आए दिन सर्वर की समस्या बताकर लोगों को वापस भेज दिया जा रहा है। इसकी वजह से लोग अधिक संख्या में चौधरी मोड़ स्थित आधार केंद्र में पहुंच रहे हैं। इस केंद्र पर पिलखुआ, डासना, इंद्रापुरम, खोड़ा, राजनगर, लालकुआं, विजयनगर, छिजारसी आदि स्थानों से भारी संख्या में पहुंचने की वजह से लंबी लाइन लग रही है। केंद्र पर सामान्यत: दो से तीन घंटे लंबी लाइन में मशक्कत करने के बाद आधार कार्ड के लिए आवेदन कर पा रहे हैं। आधार कार्ड सभी कामकाज के लिए अनिवार्य कर दिया गया है। इसमें नाम, पता और जन्मतिथि समेत कोई भी कमी होने पर केवाईसी नहीं हो पा रही है। इस वजह से संशोधन कराना पड़ रहा है। प्रधान डाकघर समेत क्षेत्र की बैंकों में स्थित केंद्रों पर लोगों को तारीख दे दी जा रही है।
अर्थला निवासी धर्मवीर कश्यप ने बताया कि सुबह से केंद्र पर आकर लाइन में लगा हुआ हूं। करीब दो घंटे से लाइन में लगा हूं। आज नौकरी से छुट्टी ली है ताकि बच्चे का आधार कार्ड बन जाए और स्कूल में जाकर रसीद जमा कर सकूं।
पिलखुवा निवासी शौकीन अली ने बताया कि सुबह आठ बजे आ गया था। ताकि पत्नी के आधार में संशोधन करा लूं और बच्चे का आधार कार्ड बनवा सकूं। लेकिन लाइन लंबी है 12 बजे तक नंबर नहीं आ पाया है।
खोड़ा कॉलोनी निवासी रितू तिवारी ने बताया कि खोड़ा से आई हूं। आज कॉलेज से छुट्टी से ली है। ताकि आधार कार्ड में जन्मतिथि का संशोधन करा लूं। यहां पर भी लंबी लाइन है। डाकघर में दो बार गई तो सर्वर या प्रिंटर खराब होने की समस्या बता देते हैं। इस वजह से कार्य नहीं हो पा रहा था।