नकाबपोश बदमाशों ने ग्राहक बनकर कारोबारी से 55 हजार रुपये लूटे
गाजियाबाद। प्रताप विहार में बृहस्पतिवार रात दो नकाबपोश बदमाशों ने गोविंदपुरम बालाजी एंक्लेव निवासी मनी ट्रांसफर कारोबारी कामोद गुप्ता की दुकान में घुसकर हथियार के बल पर 55 हजार रुपये लूट लिए। दोनों बदमाश ग्राहकर बनकर दुकान में आए और लूट की घटना को अंजाम देकर भाग गए। लूट की वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
कामोद गुप्ता ने बताया कि प्रताप विहार सेक्टर 12 में विश्वकर्मा मनी ट्रांसफर के नाम से उनकी दुकान है। बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे। उसी दौरान एक नकाबपोश बदमाश उनकी दुकान पर ग्राहक बनकर आया। जिसने कुछ रुपये अपने परिचित से मंगाने के लिए कहा, लेकिन कामोद ने केवल रुपये ट्रांसफर करने की बात कहकर उसे रुपये मंगवाने से मना कर दिया। इसके बाद बदमाश वहीं खड़े होकर मोबाइल पर किसी से बात करने लगा। इसी दौरान उसका दूसरा साथी वहां पहुंचा। पहले से खड़े बदमाश ने दुकान में लगा शीशे का गेट और खिड़की बंद कर दी और कामोद की कनपटी पर तमंचा तान दिया। उसके दूसरे साथी ने गल्ले में रखे हुए 50 हजार रुपये व पांच हजार रुपये के सिक्के लूट लिए। घटना के बाद पीड़ित ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। विजयनगर थाना प्रभारी योगेंद्र मलिक ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज में कैद घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
टाइम लाइन
रात 9:20 बजे- ग्राहक बनकर आया बदमाश
रात 9:25 बजे- बदमाश का दूसरा साथी दुकान पर पहुंचा
रात 9:30 बजे- बदमाश लूट की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए
रात 9: 35 बजे- पुलिस को सूचना दी