चोरी की शिकायत पर बोली पुलिस-अपने जेवर ले क्यों नहीं गई
- वसुंधरा में अकाउंटेंट के फ्लैट का ताला तोड़कर हुई थी दस लाख की चोरी
माई सिटी रिपोर्टर
वसुंधरा। सेक्टर-2बी में अकाउंटेंट के घर हुई दस लाख की चोरी के मामले में पुलिस पर ही गंभीर आरोप लगने शुरू हो गए हैं। अकाउंटेंट की पत्नी आकांक्षा का आरोप है कि जांच करने पहुंचे पुलिस कर्मियों ने उनसे कहा कि अपने जेवर साथ क्यों नहीं ले गईं। इतनी ज्वेलरी घर पर कौन छोड़कर जाता है। पुलिस के इस जवाब से परिवार में गुस्सा है। उन्होंने उच्च अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
वसुंधरा सेक्टर दो में कुमार गौरव शर्मा परिवार के साथ रहते हैं। वह एक निजी कंपनी में अकाउंटेंट हैं। पांच नवंबर को भैया दूज पर वह परिवार के साथ हरिद्वार अपनी ससुराल गए थे। इस बीच घर बंद था। 9 नवंबर की दोपहर वह हरिद्वार से लौटे तो उनके घर के मुख्य गेट का सेंट्रल लॉक टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो घर में रखे पांच हजार रुपये और एलसीडी समेत दस लाख रुपये के गहने नहीं थे। अब अकाउंटेंट की पत्नी आकांक्षा का आरोप है कि चोरी की सूचना के बाद चार पुलिसकर्मी जांच के नाम पर उनके घर आए थे। तभी एक पुलिसकर्मी ने कहा कि अपने गहने साथ क्यों नहीं ले गईं। घर पर गहने कौन छोड़कर जाता है। चोरों को खुद ही बुलाया है। इस पर आकांक्षा ने कहा कि इतने गहने लेकर कौन बाहर जाता है। यदि कोई ना समझी कर गहने लेकर चला भी गया और उसके साथ लूट की घटना हो गई तो फिर इसका जिम्मेदार कौन होगा। पुलिसकर्मियों के इस रवैये से पीड़ित परिवार और उनके पड़ोसियों में पुलिस के खिलाफ रोष है।
शिकायत मिलने के तीन दिन बाद दर्ज हुई रिपोर्ट
प्रदेश सरकार के निर्देश हैं कि पीड़ित की सूचना मिलते ही प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर तत्काल मामले की जांच शुरू की जाए। लेकिन इंदिरापुरम पुलिस की कार्यशैली कुछ अलग ही है। यहां कई मामलों में पीड़ित थाने और चक्कर काटकर परेशान हो जाते हैं, लेकिन रिपोर्ट तक दर्ज नहीं हो पाती। अकाउंटेंट गौरव शर्मा ने पुलिस को 9 नवंबर को चोरी की सूचना दी थी लेकिन पुलिस ने 11 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस क्षेत्राधिकारी इंदिरापुरम अभय कुमार मिश्र ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज करके जांच की जा रही है
हीटर कारोबारी से बोली थी पुलिस, यह तो आम बात है
6 नवंबर को अभयखंड में बदमाशों ने हीटर कारोबारी आकाश शाक्य से सोने की चेन लूट ली थी। आरोप है कि आकाश जब अभयखंड चौकी पर शिकायत लेकर पहुंचे तो वहां पुलिसकर्मी ने हैरान करने वाली बात कही कि ‘क्या कर सकते हैं यह तो आम बात है’ पुलिसकर्मी का यह जवाब सुनकर पीड़ित हक्का-बक्का रह गए। इस मामले में पीड़ित ने उच्च अधिकारियों से शिकायत की थी।
चोरी की हालिया वारदातें
17 सितंबर- अभयखंड चौकी के सामने नवीन कुमार के परिवार को बेहोश कर एक लाख की चोरी की।
08 अक्तूबर : शिप्रा मॉल के पास से नोएडा निवासी प्रियेश की कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप, मोबाइल चोरी। 12 अक्तूबर : प्रेसिडियम स्कूल की टीचर मोनिका शर्मा की कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप बैग और मोबाइल चोरी।
13 अक्तूबर : जयपुरिया मॉल के पास कार का शीशा तोड़कर राहुल और प्रणव का बैग चोरी।
19 अक्तूबर :वसुंधरा सेक्टर-1 में अरुण निषाद की कार का शीशा तोड़कर बैटरी व म्यूजिक सिस्टम चोरी।
21 अक्तूबर : वैभवखंड मेंआर्किटेक्ट निकिता की कार का शीशा तोड़कर महंगा बैग व कागजात चोरी किए।
22 अक्तूबर : अभयखंड चौकी के सामने न्यायखंड-1 में दो घर और एक परचून की दुकान में चोरी
23 अक्तूबर : इंदिरापुरममें एक्सप्रेस गार्डन सोसायटी के पास उत्कर्ष सेठी की गाड़ी का शीशा तोड़कर लैपटॉप,बैग, मोबाइल और नगदी चोरी की।
30 अक्तूबर : शिप्रा मार्केट में करियर काउंसलर चंदन कुमार की कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप, कागजात और 22 हजार रुपये नगद चोरी किए।
एसपी सिटी सेकेंड ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि पीड़ित से शिकायत मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू हो गई है। यदि किसी पुलिसकर्मियों ने ऐसा बयान दिया है तो वो गलत है, इसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। इंदिरापुरम क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाएगी। लैपर्ड, पीसीआर और पीवीआर को कालोनियों में गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं।