दो चाचा की हत्या करने वाले पवन पर एक लाख का इनाम
लोनी। दो चाचा की हत्या में फरार चल रहे बदमाश पवन उर्फ कल्लू पर अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ ने बृहस्पतिवार को एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। पवन ने गत दिसंबर में अपने चाचा जैनेंद्र और जून में दूसरे चाचा सुरेंद्र की गोली मारकर हत्या की थी। तब से वह फरार है।
दिसंबर में जमीन के विवाद के में सिरोली गांव में पवन ने घर में घुसकर अपने चाचा जैनेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद पवन ने जून में चिरौड़ी गांव स्थित दिनदहाड़े दूसरे चाचा सुरेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पवन ने अपने तीसरे चाचा को भी मारने का एलान किया था। सात माह में दो हत्या करने वाले पवन को पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस के अनुसार हत्या में फरार बदमाश पवन नोएडा जेल में बंद मनोज और रनदीप भाटी गैंग में शामिल हो चुका है। इन गैंग के सहारे वह हत्याओं को अंजाम दे रहा है। पुलिस ने पवन के ठिकानों पर छापा मारा, लेकिन वह सात माह से पुलिस को चकमा दे रहा है। अब अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ राजीव सभरवाल ने पवन पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस के अनुसार, पवन फरीदाबाद, नोएडा के कई थानों से हत्या जैसे मामलों में वांछित चल रहा है। पवन छह से सात हत्या की वारदात को अंजाम दे चुका है। उस पर एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। एसटीएफ की टीम भी पवन की तलाश में दबिश दे रही है।