हिंडन एयरपोर्ट से उड़ान भरने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए खुशखबरी है। अक्टूबर से हिंडन एयरपोर्ट से उड़ान शुरू हो जाएगी। पहली उड़ान हुबली और गुलबर्ग के लिए होगी। हालांकि अभी कोई तारीख तय नहीं की गई है। इस बात की पुष्टि स्वयं हिंडन एयरपोर्ट की डायरेक्टर ने की है।
हिंडन एयरपोर्ट का उद्घाटन आठ मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था, तभी से लोग उड़ान का इंतजार कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने घोषणा की थी अप्रैल से ही उड़ान शुरू हो जाएगी। अब छह माह बाद यहां से उड़ान सेवा मिलना सुनिश्चित हुआ है। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ और देहरादून के बाद हिंडन एयरपोर्ट से कर्नाटक के लिए फ्लाइट्स मिल सकेंगी। कर्नाटक के हुबली और गुलबर्गा का सफर यहां से हो सकेगा।
स्टार एयरवेज ने हिंडन एयरपोर्ट से उड़ान शुरू करने की सहमति दे दी है। हालांकि कंपनी की ओर से फ्लाइट शुरू करने की तिथि का एलान नहीं किया गया है। बता दें कि सितंबर से ही उड़ान शुरू होने वाली थी, लेकिन हिंडन एयरपोर्ट पर ड्रेनेज लाइन बिछाने का काम पूरा नहीं हो सका था। हेरिटेज एविएशन कंपनी ने पूर्व में ही हिंडन से देहरादून और पिथौरागढ़ के लिए नौ सीटर विमान उड़ाने पर सहमति जता दी है।
अब स्टार एयरवेज ने भी यहां से कर्नाटक के लिए उड़ान शुरू करने का एलान किया है। अधिकारियों की मानें तो कर्नाटक के हुबली और गुलबर्गा के लिए उड़ान अक्टूबर में ही शुरू कर दी जाएंगी। हिंडन एयरपोर्ट से हवाई उड़ान से गाजियाबाद के साथ ही पूर्वी दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, मेरठ, बुलंदशहर और आसपास के इलाके के लोगों को बेहद सुविधा मिलेगी। अभी तक फ्लाइट पकड़ने के लिए उन्हें दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे जाना पड़ता है।
हिंडन एयरपोर्ट से इन शहरों के लिए भरी जाएंगी उड़ान
पिथौरागढ़, देहरादून, हुबली और गुलबर्गा के बाद हिमाचल के शिमला, उत्तर प्रदेश के फैजाबाद, गुजरात के जामनगर, महाराष्ट्र के नासिक, कर्नाटक के कन्नूर के लिए यहां से उड़ान मिल सकेंगी।
पुलिस चौकी और ट्रैफिक पार्किंग पर हुई बैठक
उड़ान की तैयारी में एयरपोर्ट अधिकारी के साथ ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी जुटे हैं। हाल ही में हिंडन एयरपोर्ट पर एयरपोर्ट अधिकारियों के साथ प्रशासनिक व पुलिस के अधिकारियों ने बैठक की है। बैठक में एयरपोर्ट की सुरक्षा, एंट्री प्वाइंट, स्मूद ट्रैफिक और पार्किंग की व्यवस्था पर चर्चा की गई। सुरक्षा के लिए 55 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। सभी पुलिसकर्मियों को विशेष ट्रेनिंग देकर तैयार किया जाएगा, ताकि वह यहां से फ्लाइट लेने वाले लोगों से अंग्रेजी में बात कर सकें और उनकी मदद कर सकें।
हिंडन एयरपोर्ट, डायरेक्टर, शोभा भारद्वाज ने बताया कि अक्तूबर से उड़ान सुनिश्चित है, हालांकि तारीख अभी तय होना बाकी है। हिंडन एयरपोर्ट से फ्लाइट संचालन के लिए दूसरी कंपनी स्टार एयरवेज ने भी सहमति दे दी है। इस टर्मिनल पर यात्रियों की सुविधा के लिए आठ चेक-इन काउंटर, चार जांच बूथ और दो आगमन स्थल की सुविधा होगी। प्रति घंटे टर्मिनल पर 300 यात्रियों की आवाजाही की सुविधा होगी।