खोड़ा में चार मंजिल से ऊपर के बने फ्लोर तोड़े जाएंगे
साहिबाबाद। खोड़ा में चार मंजिल से ऊपर के बने फ्लोर तोड़ दिए जाएंगे। नगरपालिका परिषद सर्वे कर यह पता कर रहा है कि कितने मकान ऐसे हैं जो चार मंजिल से अधिक के बने हैं। सर्वे के बाद इन्हें नोटिस जारी किया जाएगा। जिसमें गृहस्वामी को खुद तोड़ने के लिए एक माह का समय दिया जाएगा, अन्यथा परिषद तोड़ देगा। अगले 15 दिनों में सर्वे की रिपोर्ट परिषद के पास आ जाएगी।
नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी केके भड़ाना ने बताया कि खोड़ा में बहुमंजिली इमारतें खतरनाक साबित हो रही हैं। यह इमारतें बगैर किसी तकनीकी सर्वेक्षण और नक्शा पास कराए बनी हैं। ऐसे में नगरपालिका परिषद ने चार मंजिल से ऊपर के फ्लोर को तोड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि खोडा में कुल 42 हजार मकान हैं। इन मकानों को निर्माणाधीन, निर्मित और जर्जर कैटेगरी में बांट कर सर्वे शुरू किया गया है। इनमें जो मकान चार मंजिल से ऊपर बन रहा होगा तो उसे तुरंत रोक दिया जाएगा। जो जर्जर पाया जाएगा, उसे तोड़ दिया जाएगा। जो चार मंजिल से ऊपर बना मिलेगा, उसे मकान मालिक को तोड़ने कहा जाएगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि चाहे कितनी भी गज पर मकान हो, अगर वह चार मंजिला से अधिक होगा तो ऊपर का मंजिल तोड़ना ही पड़ेगा। इसके लिए उन्हें एक महीना का समय दिया जाएगा। एक महीने में अगर गृहस्वामी ने खुद नहीं तोड़ा तो परिषद तोड़ने की कार्रवाई करेगा। भविष्य में भी चार मंजिल तक ही भवन बनाने का नियम लागू होगा। उन्होंने बताया कि अगले 15 दिनों में सर्वे रिपोर्ट आ जाएगी, इसके बाद यह तस्वीर साफ होगी कि चार मंजिल से अधिक वाले कुल कितने बहुमंजिले मकान हैं। पिछले साल भी जर्जर मकानों का सर्वे किया गया था जिसमें जर्जर पाए जाने पर 11 मकान ध्वस्त कर दिए गए थे।
एसडीएम ने किया दौरा
एसडीएम आदित्य प्रजापति ने शुक्रवार को खोड़ा के लोकप्रिय विहार में झुकी इमारत का दौरा किया। उन्होंने बताया कि पांच मंजिल इमारत का ऊपरी दो मंजिल तोड़ा जा चुका है। एक और मंजिल तोडा जाएगा। इसमें चार पांच दिन और लग जाएंगे। इसे मशीन से तोडना खतरनाक है इसलिए मजदूर से यह काम करवाया जा रहा है। अगर जरूरत पडी तो पूरे मकान को ध्वस्त कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि खोडा के बहुमंजिली मकानों का टेक्निकल टीम से सर्वेक्षण कराया जाएगा। सर्वेक्षण रिपोर्ट के आधार पर जानमाल की सुरक्षा के मद्देनजर अगली कार्रवाई की जाएगी।
अपने घरों में रहने की आज मिलेगी अनुमति
अधिशासी अधिकारी केके भड़ाना ने बताया कि झुकी इमारत से 50 फीट दूर रहने वाले लोगों को शनिवार को अपने मकानों में रहने की इजाजत दे दी जाएगी। अभी करीब 15 परिवार ऐसे हैं जिन्हें सुरक्षा के लिहाज से अपना मकान खाली कर अन्य जगहों पर रहना पड़ रहा है। इनमें चार पांच परिवार का मकान इमारत से सटा है, इन्हें अपने मकान में रहने के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना पडेगा। उन्होंने बताया कि झुकी इमारत को तोडने में करीब 35 जैक लगाए गए हैं और आसपास की करीब सौ मीटर जगह को खाली रखा गया है। बता दें कि सोमवार को लोकप्रिय विहार में पांच मंजिला इमारत झुक गई थी। इस इमारत के दो गृहस्वामियों को शुक्रवार को जेल भेज दिया गया था।