अमेरिका से आई बच्ची, एक ही परिवार के 4 सदस्यों समेत 10 संक्रमित
गाजियाबाद। नौ दिन पहले अमेरिका से आई 10 वर्षीय बच्ची, एक ही परिवार के 4 सदस्यों समेत दस लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं। इनमें सिर्फ दो लोग विदेश यात्रा से आए थे। संक्रमितों में सिर्फ बच्चे को वैक्सीन नहीं लगी है, जबकि अन्य सभी नौ को टीके का दोनों डोज लग चुका है। अब तक जिले में कुल 55775 संक्रमित मिल चुके हैं। इसमें 55249 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। इस समय 65 मरीजों का इलाज चल रहा है। पांच मरीज अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हो चुके हैं। दिसंबर में 146317 लोगों की जांच की गई थी, इनमें से 95 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
पहले बिना लक्षण वाले संक्रमित, अब लक्षण शुरू
पांच दिन पहले तक अधिकांश मरीजों में संक्रमण की पुष्टि बिना लक्षण के हो रही थी, जबकि इस समय अधिकांश मरीजों में लक्षण भी उभरकर सामने आ रहे हैं। मंगलवार को संक्रमित 10 में सिर्फ दो मरीजों में लक्षण नहीं है, जबकि 8 मरीजों ने सर्दी, खांसी, बुखार, बदन दर्द और गले में परेशानी होने पर जांच कराई थी। सिर्फ एक मरीज की जिम्स में जांच हुई थी, जबकि अन्य मरीजों ने प्राइवेट में जांच कराई थी।
26 दिन में 24 बच्चे संक्रमित
जिले में ओमिक्रॉन के दो मरीज मिल चुके हैं। दिसंबर के 26 दिन में 24 बच्चे संक्रमित मिल चुके हैं। हालांकि अभी तक सभी बच्चे होम आइसोलेशन में ही स्वस्थ हो चुके हैं। इनमें से अधिकांश बच्चे ऐसे हैं जो नए अभियान में भी शामिल नहीं हो सकेंगे, क्योंकि इनकी उम्र 15 वर्ष से कम है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि सभी को होम आइसोलेशन में रखा गया है। संक्रमितों के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं और उनके सभी परिजनों के सैंपल कोरोना जांच के लिए भेजे गए हैं।
नेहरू नगर निवासी एक परिवार संक्रमित सभी चार सदस्यों को खांसी की शिकायत थी। इनमें तीन महिलाएं 23 से 50 वर्ष के बीच हैैं, जबकि एक युवक 21 साल का है। परिवार के सदस्य नेहरू नगर में रहने वाले कारोबारी के संपर्क में आए थे। कारोबारी दो दिन पहले संक्रमित हुआ था। राजनगर एक्सटेंशन निवासी 41 वर्षीय महिला ने यात्रा करने से पहले जांच कराई थी। शालीमार गार्डन निवासी 67 वर्षीय बुजुर्ग महिला भी संक्रमित हुई हैं। वह दो दिन पहले विशाखापत्तनम से वापस आए 11 वर्षीय संक्रमित बच्चे के संपर्क में आई थीं। इंदिरापुरम के नीति खंड में रहने वाली 10 वर्षीय बच्ची अपने मां-पिता के साथ अमेरिका से वापस आई थी। रामप्रस्थ कॉलोनी में रहने वाले 40 वर्षीय व्यक्ति ने बुखार और गले में दर्द होने पर कोरोना जांच करवाई थी। क्रॉसिंग में रहने वाले 46 वर्षीय व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई है। वसुंधरा सेक्टर-11 में रहने वाला 37 वर्षीय युवक दिल्ली हौज खास में जॉब करता है, बुखार होने पर उसने कोरोना जांच कराई थी। युवक नवंबर 2020 में भी संक्रमित हो चुका है।
-----------------