कॉलेजों में लगेगा किशोरों को टीका
एक सप्ताह में 2.50 लाख को लगाने का लक्ष्य
गाजियाबाद। तीन जनवरी से शुरू होने वाले करीब ढाई लाख किशोर-किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य एक सप्ताह रखा गया है। एक जनवरी से टीकाकरण कराने के लिए कोविन पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग तीन जनवरी से इंटर कॉलेजों में टीकाकरण शुरू करेगा। केंद्र द्वारा जारी की गई नई गाडडलाइन के अनुसार अभी 15 से 17 वर्ष वालों को कोवॉक्सिन की डोज लगाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग को प्रदेश शासन से जारी होने वाली गाइडलाइन का इंतजार है।
केंद्र द्वारा जारी की गई गाइडलाइन के अनुसार किशोरों को कोविड वैक्सीन लगवाने के लिए कोविन एप पर रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। वैक्सीन की दो डोज के बीच 28 दिन का अंतर रहेगा। विभागीय स्तर पर बच्चों की संख्या और उनके टीकाकरण को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नीरज अग्रवाल ने कहा कि किशोरों को कोवॉक्सिन लगाई जाएगी। ज्यादा जानकारी शासन की गाइडलाइन आने के बाद ही हो सकेगी। उन्होंने कहा कि बच्चों की वास्तविक संख्या के आंकलन के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक से सूची मांगी जा रही है। हमारी तैयारी है कि इंटर कॉलेजों में टीकाकरण किया जाए, इससे एक साथ अधिक से अधिक बच्चे मिल जाएंगे। उन्होंने बताया जिस कॉलेज में टीकाकरण किया जाएगा, उसमें जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से सूचना दी जाएगी। जो किशोर स्कूल में किसी कारण वश नहीं आ पाएंगे वह नजदीकी केंद्र पर टीकाकरण करा सकेंगे।
सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधार ने बताया कि अभी शासन की तरफ से गाइडलाइन मिली नहीं है, लेकिन हमारी पूरी तैयारी है। किशोरों के साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों और फ्रंटलाइन वर्करों को कोविड टीके का बूस्टर डोज लगाया जाएगा। सीएमओ ने बताया कि जो स्वस्थ हैं और दोनों डोज का नौ महीने पूरे हो चुके हैं, वे लोग 10 जनवरी से बूस्टर डोज ले सकते हैं। अगर कोई 60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग हैं और उन्हें किसी तरह की बीमारी है तो वह डॉक्टर की सलाह से बूस्टर डोज लगवा सकते हैं। पंजीकरण की सुविधा कोविन एप पर बने पुराने खाते में भी मिल सकेगी, इसके अलावा नए मोबाइल नंबर के जरिए भी पंजीकरण कर सकेंगे। उस स्थित में कोविन-एप पर नया खाता खुल जाएगा।