छह से आठ बजे तक शहर में रहेंगे योगी
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रोड शो का मिनट टू मिनट कार्यक्रम शासन ने देर शाम जारी कर दिया। मुख्यमंत्री के निजी सचिव राम सूरत सविता की ओर से जारी किए कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री लखनऊ से दोपहर दो बजे भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी अंतरराष्ट्रीय इकाना स्टेडियम से हेलिकॉप्टर से आगरा के लिए रवाना होंगे। वह आगरा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर उनके पैतृक गांव में कार्यक्रम में शरीक होंगे। वहां से शाम 5.05 मिनट पर गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे। हिंडन एयरपोर्ट पर वह शाम 5.35 बजे पहुंचेंगे। शाम 5.40 बजे कार से जन विश्वास यात्रा में शामिल होने कालकागढ़ी के लिए प्रस्थान करेंगे।
शाम 5.55 बजे कालकागढ़ी से चौधरी मोड़ होकर घंटाघर तक जन विश्वास यात्रा में भाग लेेंगे। दो घंटे तक यात्रा में शामिल होने के बाद वह रात आठ बजे हिंडन एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान कर रात सवा आठ बजे पहुंचेंगे। यहां से अमौसी एयरपोर्ट लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।