मरियम नगर के लोगों ने नगर निगम मुख्यालय घेरा, दिया धरना
गाजियाबाद। मरियम नगर में 25 साल से बने मकानों को तोड़ने की तैयारी कर रहे नगर निगम के खिलाफ बुधवार को स्थानीय लोग विरोध में उतर आए। आक्रोशित निवासियों ने भाकियू भानु के नेतृत्व में नगर निगम मुख्यालय का घेराव कर धरना दिया। अधिकारियों के जांच कमेटी बनाने के आश्वासन पर लोगों ने धरना समाप्त किया। उनका कहना है कि नगर निगम ने लोगों को बेघर करने का प्रयास किया तो सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
भाकियू भानु के राष्ट्रीय महासचिव मनोज नागर, जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी, दीपक शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे मरियम नगर के लोगों ने बताया कि उनके मकान 25 से 30 साल पहले से बने हुए हैं। उनके पास रजिस्ट्री भी है और राजस्व रिकॉर्ड में दाखिल खारिज भी। मनोज नागर ने बताया कि मरियम नगर के करीब डेढ़ सौ मकान मालिक पर एसडीएम सदर कोर्ट में केस दर्ज कर व्हॉट्सएप के माध्यम से सूचना दी गई। इसके बाद से लोगों में अपना आशियाना छिन जाने का डर बना हुआ है। मरियम नगर संघर्ष समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि पूर्व नगर आयुक्त हरदेव सिंह बाबा के कार्यकाल में इस जमीन की जांच हो चुकी है। मकान प्राइवेट जमीन पर बने हुए हैं। नगर निगम की ओर से हाउस टैक्स वसूला जा रहा है। इस क्षेत्र में सीवर, बिजली, पानी की सुविधा दी गई है। आरोप है कि अब निगम अधिकारी इस जमीन को एलएमसी की बताकर लोगों को उजाड़ना चाहता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने मकान तोड़ने की कोशिश की तो यह आंदोलन नगर निगम के खिलाफ पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। इस दौरान विनीत कुमार, शैलेश यादव, विनय त्यागी, मुकेश त्यागी, आनंद वर्मा, जितेंद्र चौधरी समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।