नौवीं मंजिल पर एनआरआई की मां से गहने लूटे
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की केडब्ल्यू सृष्टि सोसायटी में एनआरआई की मां शीला गोयल (65) से बदमाश गहने लूट ले गया। नौवीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में मास्क लगाए बदमाश खुद को कोरियर कंपनी का कर्मचारी बनकर घुसा था। शीला गोयल ने लूट का विरोध किया तो पेचकस से वार कर उन्हें घायल कर दिया और फरार हो गया। शीला के सोसायटी में ही रहने वाले भाई अवधेश गर्ग ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।
फ्लैट नंबर ए-904 में शीला गोयल अकेले रहती हैं। पति राजेंद्र गोयल का देहांत हो चुका है। परिवार में बेटा-बेटी हैं। शादी के बाद बेटी मुरादनगर में रहती हैं, जबकि एनआरआई बेटा गौरव गोयल दक्षिण अफ्रीका में नौकरी करता है। बदमाश ने सोसायटी के गेट पर शीला गोयल का कोरियर लेकर आने की बात कही। फ्लैट पर पहुंचकर उसने गिफ्ट लेकर आने की बात कहते हुए गेट खुलवाया। अंदर घुसने के कुछ देर बाद लूटपाट शुरू कर दी। कानों के कुंडल, कड़े, चैन, अंगूठी और मोबाइल लूट लिए। जाते वक्त वह घर में रखा उनका पर्स भी ले गया, जिसमें करीब 5 हजार रुपये थे।
मैं आपकी बेटी को जानता हूं
लूटपाट करने आए बदमाश ने कुछ देर तक शीला गोयल से बातचीत की। उसने यह भी कहा कि वह उनकी बेटी और अन्य परिजनों को जानता है। इस बात पर शीला गोयल ने बदमाश के साथ सामान्य व्यवहार किया, लेकिन वह कुछ समझ पातीं इससे पहले ही उसने लूटपाट शुरू कर दी।
पड़ोसी महिला ने गेट खोलकर सूचना दी
लूटपाट के बाद बदमाश बाहर से फ्लैट की कुंडी लगाकर फरार हो गया। लहूलुहान हालत में शीला गोयल ने शोर मचाया तो सामने रहने वाली महिला ने गेट खोला और केडब्ल्यू सृष्टि सोसायटी में ही रहने वाले शीला गोयल के भाई अवधेश को सूचना दी। शीला को राजनगर के शिवम अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कोट......
पीड़ित महिला के भाई की तहरीर पर लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बदमाश को ट्रेस करने के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।।
- अवनीश कुमार, सीओ द्वितीय