जम्मू-कश्मीर में नशा तस्करी करने वाला कविनगर से गिरफ्तार
गाजियाबाद। कश्मीर में नशा तस्करी के आरोप में कविनगर के गोविंदपुरम निवासी अजय गुप्ता उर्फ बंटी को जम्मू कश्मीर पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। जम्मू पुलिस के मुताबिक अजय गुप्ता करीब एक साल से फरार चल रहा था। गुमराह करने के लिए उसने दस्तावेजों में अलग-अलग पते दर्शाए हुए थे। एक साल बाद आरोपी की लोकेशन ट्रेस हुई।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 21 नवंबर को ग्रेटर कैलाश इलाके में मुखबिर की सूचना पर नशीली दवाईयां ले जा रहे ट्रक को पकड़ा था। उसमें कफ सिरप की 6700 शीशियां और 18000 कैप्सूल बरामद हुए थे। कफ सिरप में नारकोटिक्स विभाग द्वारा प्रतिबंधित कोडीन और कैप्सूल के अंदर प्रतिबंधित मिथाक्लोन साल्ट था। मौके से पंजाब के नवा शहर पंजाब निवासी ट्रक चालक सुरजीत व क्लीनर रोहित के अलावा शाहदरा दिल्ली निवासी अमित सक्सेना को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में अमित ने बताया था कि वह सिर्फ सप्लाई करता है, जबकि मुख्य तस्कर दिल्ली के मौजपुर निवासी अजय गुप्ता उर्फ बंटी को बताया।
अजय के पतों ने पुलिस को किया गुमराह
जम्मू-कश्मीर पुलिस के इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि अजय गुप्ता उर्फ बंटी और अमित सक्सेना पूर्व में दिल्ली के मौजपुर में रहते थे। मौजपुर जाने पर वहां अजय गुप्ता का पता तस्दीक नहीं हुआ। बैंक की केवाईसी, आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज खंगाले तो सभी में अलग-अलग पता मिला। जिसने जम्मू-कश्मीर पुलिस को गुमराह कर दिया।
कार लोन के दस्तावेजों से मिला सुराग
जम्मू पुलिस का कहना है कि अजय गुप्ता ने ब्रेजा कार फाइनेंस कराई थी। उसके दस्तावेज खंगालने पर गारंटर के तौर पर उसके साले का नंबर मिला। उसको ट्रैक करने पर पता चला कि अजय गुप्ता कविनगर के गोविंदपुरम इलाके में रहता है। बृहस्पतिवार को कविनगर पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। कागजी औपचारिकता पूरी करने के बाद जम्मू पुलिस अजय गुप्ता को अपने साथ ले गई।
एक भी सिम अपने नाम पर नहीं, व्हॉट्सप कॉलिंग से होती थी सौदेबादी
पुलिस के मुताबिक आरोपी अनंतनाग और कुलगांव में नशे की तस्करी करते थे। कोई भी आरोपी अपने नाम के सिम कार्ड का इस्तेमाल नहीं करता था। सभी ने फर्जी आईडी पर सिम लिए हुए थे। इसके अलावा सौदेबाजी के लिए व्हॉट्सएप कॉलिंग का इस्तेमाल किया जाता था। माल दिखाने के लिए वीडियो कॉलिंग की जाती थी। कविनगर एसएचओ आनंद प्रकाश मिश्र ने बताया कि नशा तस्करी के आरोप में जम्मू पुलिस अजय गुप्ता उर्फ बंटी को पकड़कर ले गई है।