10 माह बाद जमानत पर छूटा, फिर ट्रेनों में करने लगा चोरी
गाजियाबाद। चोरी के मामले में जेल से 10 माह बाद जमानत पर छूटने के बाद फिर से ट्रेनों में चोरी करने वाले एक बदमाश और उसके साथी को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ट्रेनों में बिना टिकट सवार हो जाते थे और चेकिंग के दौरान टीईटी को मजबूरी बताकर कार्रवाई से बच जाते थे। बिना टिकट सफर कर ट्रेनों के स्लीपर कोच में यात्रियों के मोबाइल, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान चुरा लेते थे। इनके पास से चोरी के 13 मोबाइल बरामद किए गए हैं।
सीओ जीआरपी सुदेश गुप्ता ने बताया कि पकड़े गए बदमाश प्रिंसपाल उर्फ आंचल उर्फ गोरिल्ला हिसावदा, बागपत और अवधेश निवासी विष्णु का नगला निवासी फिरोजाबाद लंबे समय से ट्रेनों में चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। उन्हें गाजियाबाद स्टेशन परिसर से गिरफ्तार किया गया है। बीते दिनों उन्होंने गोल्डन टैंपल एक्सप्रेस में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। दोनों बदमाश मेरठ जंक्शन से रात करीब डेढ़ बजे ट्रेन में सवार हुए थे। जीआरपी प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि प्रिंस पाल उर्फ गोरिल्ला 2018 से ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। वह करीब 10 माह तक जेल में रहा। बताया कि इसका साथी अवधेश काफी समय से स्थान बदल-बदलकर फिरोजाबाद, अलीगढ़ और गाजियाबाद में वेंडर का काम कर रहा था।