--------------------
मुरादनगर में घटे डेंगू के
मामले, विजयनगर में बढ़े
- कैलाभट्टा से भी आ रहे हैं डेंगू के मरीज
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। डेंगू का हॉटस्पाट बने मुरादनगर में अब मरीजों की संख्या घटी है, लेकिन शहरी में विजयनगर और कैलाभट्टा क्षेत्र नए हॉटस्पाट बन गए हैं। पिछले तीन दिन से इन क्षेत्रों में छह मरीज मिले हैं। अधिकारियों का कहना है कि अक्तूबर के मुकाबले नवंबर में प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या घटी है। शुक्रवार को डेंगू के 10 नए मरीज मिले। इनमें चार बच्चे और एक महिला भी शामिल हैं। पांच मरीजों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इस साल डेंगू मरीजों की संख्या रिकॉर्ड 1116 हो गई है। इनमें से 613 को भर्ती करवाने की जरूरत पड़ी।
यहां मिले मरीज
मुरादनगर, नंदग्राम, वसुंधरा, नेहरूनगर, दिल्ली गेट, बजरिया, अर्थला, साहिबाबाद, विजयनगर, कैलाभट्टा
अक्तूबर के मुकाबले घटे मरीज
नवंबर में अब तक जिले में डेंगू के 157 मरीज मिल चुके हैं। जबकि 12अक्तूबर तक 250 से अधिक मामले सामने आए थे। सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधार ने बताया कि तापमान में गिरावट आने के बाद डेंगू के बड़े हॉटस्पॉट में मरीजों की संख्या घटी है। जहां मामले मिल रहे हैं, वहां पर घरों की जांच कराई जा रही है।
वर्ष वार डेंगू के मामले
वर्ष मरीज
2016 621
2017 232
2018 68
2019 88
2020 15
2021 1116 (12 नवंबर तक)
हॉटस्पॉट में मिले मरीज
मुरादनगर 130
गोविंदपुरम 105
विजयनगर 70
हरसांव 80
इंदिरापुरम 65
डिडौली, मनौली, सौंदा 110
संयुक्त अस्पताल में ही मिली लापरवाही
शुक्रवार को संयुक्त निदेशक के निरीक्षण के दौरान संयुक्त अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट के पास जल जमाव को देखकर सीएमओ रुक गए। पानी में पनपते मच्छरों पर उन्होंने नाराजगी जताई और पानी निकलवाकर दवा का छिड़काव कराने के लिए कहा।