दिल्ली क्राइम ब्रांच से बता ट्रांसपोर्टर से मांगी 6 लाख रंगदारी
गाजियाबाद। दिल्ली क्राइम ब्रांच से बताकर ट्रांसपोर्टर को अगवा कर 6 लाख रुपये मांगने के मामले में मधुबन बापूधाम पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर 4 नामजद समेत 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़ित ट्रांसपोर्टर का कहना है कि फरवरी में उनका जानकार ट्रक खरीदने केबहाने उन्हें साथ ले गया। जिसके बाद आरोपियों ने उन्हें अगवा कर लिया। मोबाइल लोकेशन से ट्रेस कर पुलिस ने उन्हें बंधनमुक्त कराया, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने उन पर कार्रवाई नहीं की। जिसके चलते उन्हें कोर्ट जाना पड़ा।
मधुबन बापूधाम निवासी कुमार का कहना है कि वह ट्रांसपोर्ट के जरिये परिवार का पालन पोषण करते हैं। वर्ष 2018 में उन्होंने गांव दुहाई निवासी मनवीर से ट्रक खरीदा था। जनवरी 2020 में उनके ट्रक का इंश्योरेंस व परमिट समाप्त हो गया। नवीनीकरण के लिए पैसे न होने के कारण उन्होंने ट्रक राजपूताना होटल अलीगढ़ की पार्किंग में खड़ा कर दिया। 7 फरवरी 2021 को उनके गांव बजौट मेरठ निवासी राजमुनी त्यागी उनके पास आया और ट्रक खरीदने की बात कही। वह उन्हें घर से स्कूटी पर बैठाकर पुराना बस अड्डा ले गया, जहां लाल सिंह व तीन अन्य व्यक्ति मिले। ट्रक को देखने के मकसद से वह उन्हें अपनी कार में बैठाकर अलीगढ़ स्थित होटल पर ले गए। वहां जाने पर वहां दो गाड़ियों में 8-10 लोग आए और उन्हें स्कॉर्पियो में डाल लिया। उन्होंने खुद को दिल्ली क्राइम ब्रांच से बताकर ट्रक की चाबी छीन ली और ट्रक भी ले गए। उनके साथ साहिबाबाद की जेकेटी ट्रांसपोर्ट के प्रमोद पाल और कुलदीप भी थे। आरोप है कि रास्ते में आरोपियों ने घर फोन करके 6 लाख रुपये मंगाने के लिए कहा। ऐसा न करने पर उन्होंने हत्या कर लाश गंगा में बहाने की धमकी दी। उन्होंने पत्नी को फोन करके बता दिया, जिसने यूपी-112 पर कॉल कर दी। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के जरिये उन्हें ट्रेस कर लिया और उन्हें बंधनमुक्त कराया। बापूधाम एसएचओ देवपाल पुंडीर का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर अपहरण, रंगदारी, धोखाधड़ी आदि धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।