घर से बुलाकर ग्राम पंचायत सदस्य के पति को गोलियों से भूना
मोदीनगर। भोजपुर क्षेत्र के गांव मुकीमपुर में घर से बुलाकर ग्राम पंचायत सदस्य के पति नरेश कुमार (38) की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। बाइक पर आए हमलावरों ने सिर और चेहरे को निशाना बनाकर 8 से 10 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। परिजनों ने पैसों के विवाद में हत्या करने का आरोप लगाते हुए गांव के ही बीडीसी सदस्य समेत दो लोगों को नामजद करते हुए तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर मामले की जांच की जा रही है।
मुकीमपुर गांव निवासी सविता ग्राम पंचायत सदस्य हैं। उनके पति नरेश अपनी वैगनआर कार टैक्सी के तौर पर चलाते थे। उनके चार बच्चे अंजू, कार्तिक, माही और परी हैं। बृहस्पतिवार शाम करीब पौने 6 बजे अज्ञात नंबर से नरेश के पास कॉल आई, जिसने उन्हें किसी काम से गांव के बाहर सरकारी स्कूल के पास बुलाया। बताया जा रहा है कि जैसे ही नरेश स्कूल के पास पहुंचे तो अपाचे बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। सिर, चेहरे व शरीर के अन्य स्थानों पर गोली लगने से नरेश की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना पर भोजपुर पुलिस व एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा मौके पर पहुंच गए और जांच की।
बकरी चला रहे किशोर के मोबाइल से की थी कॉल
पुलिस ने जांच शुरू करते हुए उस नंबर को खंगाला, जिससे नरेश को फोन किया गया था। वह मोबाइल नंबर गांव के बाहर बकरी चराने वाले किशोर का निकला। किशोर ने बताया कि एक व्यक्ति ने कॉल करने के लिए उससे मोबाइल मांगा था। कॉल कराने के बाद वह बकरियों को लेकर आगे निकल गया।
आरोपी बीडीसी सदस्य के मृतक पर थे 30 हजार रुपये
परिजनों ने गांव के ही बीडीसी सदस्य नितिन उर्फ भोलू तथा अंशुल पर रंजिश में घटना को अंजाम देने के आरोप लगाया है। एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा का कहना है कि बीडीसी सदस्य भोलू के करीब 30 हजार रुपये मृतक नरेश पर थे। परिजनों ने संभावना जताई है कि पैसों के लेन-देन के विवाद में ही भोलू व अंशुल ने अपने साथियों के साथ घटना को अंजाम दिया है।
एक महीने पहले भी हुआ था झगड़ा, घटना के बाद आरोपी फरार
एसएसपी पवन कुमार का कहना है कि पीड़ित परिजनों ने जिन लोगों को नामजद किया है, उनका मृतक नरेश से करीब एक महीने पहले भी विवाद हुआ था। घटना के बाद से नामजद आरोपियों के घर दबिश दी गई तो वह फरार मिले। उनकी तलाश की जा रही है। साथ ही परिजनों व ग्रामीणों द्वारा बताए गए तथ्यों को वेरिफाई भी किया जा रहा है। घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।
चुनावी रंजिश में हत्या की भी फैली चर्चा
नरेश की हत्या के बाद गांव में चुनावी रंजिश की चर्चा भी फैली। ग्रामीणों का कहना था कि नरेश ने वर्तमान ग्राम प्रधान रोमा का समर्थन किया था, जबकि बीडीसी भोलू ने पराजित प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार किया था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि चुनावी रंजिश जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। परिजनों ने भी इस तरह की कोई बात नहीं बताई है।