मार्च से नोएडा-आविप की कॉलोनियों में मिलेगा भरपूर गंगाजल
गाजियाबाद। अगले साल मार्च में नोएडा और आवास विकास परिषद की सिद्धार्थ विहार कॉलोनी में गंगाजल आपूर्ति का संकट दूर हो जाएगा। सिद्धार्थ विहार में निर्माणाधीन 50 क्यूसेक का गंगाजल प्लांट 2022 के शुरूआत में बनकर तैयार हो जाएगा। इससे 37.5 क्यूसेक गंगाजल नोएडा की कॉलोनियों को और 25 फीसदी यानी 12.5 क्यूसेक गंगाजल आवास विकास परिषद की सिद्धार्थ विहार कॉलोनी को मिलेगा।
संयुक्त 50 क्यूसेक गंगाजल परियोजना के तहत 304 करोड़ की लागत से बन रहे इस वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण जल निगम की ओर से कराया जा रहा है। गंगाजल प्लांट के खर्च को भी नोएडा अथॉरिटी और आवास विकास परिषद पानी की हिस्सेदारी के अनुपात में ही वहन करेंगे। 228 करोड़ रुपये नोएडा देगा और बाकी 76 करोड़ रुपये आवास विकास परिषद खर्च करेगा। साल 2018 में शुरू हुए गंगाजल प्लांट के निर्माण का 70 फीसदी काम पूरा हो चुका है। जल निगम के अधिकारियों का दावा है कि बाकी 30 फीसदी काम सात माह में पूरा कर लिया जाएगा।
------
डासना से प्लांट तक रॉ वाटर के बिछाई जा रही पाइप लाइन
सिद्धार्थ विहार में निर्माणाधीन प्लांट तक गंगाजल लाने के लिए जल निगम 1500 एमएम व्यास की 20 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछा रहा है। 13 किलोमीटर लंबी लाइन बिछाई जा चुकी है, जबकि एनएच-9 के पास सात किलोमीटर लाइन बिछाई जानी बाकी है।
-----
नोएडा और सिद्धार्थ विहार के यूजीआर पहुंचाएगा गंगाजल
नोएडा की कॉलोनियों में गंगाजल आपूर्ति घर-घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी नोएडा अथॉरिटी की होगी, जबकि सिद्धार्थ विहार में यह काम आवास विकास परिषद करेगा। जल निगम गंगाजल ट्रीटमेंट करके नोएडा और सिद्धार्थ विहार में बन रहे यूजीआर तक पानी पहुंचाएगा। दोनों क्षेत्रों में कुल 4.2 किलोमीटर लंबी क्लियर वाटर पाइप लाइन बिछाई जाएगी।
----
पुरानी गंगाजल परियोजना एक नजर में
पहली 50 क्यूसेक गंगाजल परियोजना प्रताप विहार
23 क्यूसेक पानी सप्लाई नगर निगम की कॉलोनियों को
20 क्यूसेक पानी नोएडा को आपूर्ति
07 क्यूसेक पानी जीडीए की कॉलोनियों को दिया जा रहा।
-----
दूसरी 100 क्यूसेक गंगाजल परियोजना, सिद्धार्थ विहार
75 क्यूसेक पानी नोएडा को सप्लाई
25 क्यूसेक पानी गाजियाबाद की कॉलोनियों को
-------
कोट
सिद्धार्थ विहार में 50 क्यूसेक गंगाजल वाटर ट्रीटमेंट परियोजना का काम तेजी से पूरा किया जा रहा है। करीब 70 फीसदी काम पूरा हो चुका है। उम्मीद है कि मार्च 2022 तक प्लांट का निर्माण पूरा कर नोएडा और आविप को गंगाजल की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। इससे दोनों शहर की कॉलोनियों में पानी का संकट दूर हो जाएगा। - डीपी सिंह, अधीक्षण अभियंता, जल निगम