कथित सपा नेता व बेटे समेत सात पर डकैती का मुकदमा, एक गिरफ्तार
गाजियाबाद। कॉलोनी काटकर प्रॉपर्टी का कारोबार करने वाले कथित सपा नेता उस्मान चौधरी और उसके बेटे समेत सात लोगों पर मसूरी पुलिस ने डकैती का मुकदमा दर्ज किया है। उस्मान ने अपने परिजनों व किराएदार के साथ मिलकर मंगलवार रात ढाई बजे कॉलोनी के ही एक मकान पर धावा बोल दिया। महिलाओं को बंधक बनाकर सामान लूट लिया और मकान पर अपने किराएदार का कब्जा करा दिया। विरोध करने पर महिलाओं के साथ मारपीट भी की गई। उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मसूरी पुलिस ने केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
डासना देहात की उस्मान कॉलोनी निवासी दरख्शा पुत्री स्वर्गीय समी आलम का कहना है कि उनका एक पुश्तैनी मकान उस्मान कॉलोनी में है। उसमें सात साल से मस्जिद के इमाम मौलाना राशिद किराए पर रह रहे थे। करीब एक महीने पहले उन्होंने मकान खाली कर दिया, जिसके बाद से वह अपने भाई-भाभी के साथ मकान में रह रहे थे। दरख्शा का कहना है कि कुछ दिन पहले कॉलोनी बसाने वाला उस्मान चौधरी आया। उसने कहा कि उसके चाचा मोहम्मद शफी ने उसके पूरे पैसे नहीं लौटाए हैं, लिहाजा अब यह मकान उसका है। उस वक्त दोनों पक्षों में यथा स्थिति बनाए रखने और किसी भी तरह के विवाद का निपटारा कोर्ट के माध्यम से होने की बात तय हुई थी। इसके बावजूद उस्मान चौधरी मंगलवार रात करीब ढाई बजे अपने बेटे इमरान, बेटी रानी, किराएदार माजिद, माजिद की पत्नी रूबीना, बेटी शाहीन व चाचा शफी के दामाद अताउल्लाह उर्फ शहजादा के साथ घर में आ घुसा और उनके व उनकी भाभी से मारपीट करते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी।
सामान लूटकर किराएदार का करा दिया कब्जा
दरख्शा का कहना है कि उस्मान चौधरी व अन्य आरोपियों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। इसके अलावा बिजली मीटर, एलईडी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, डबल बेड, टेबल, कुर्सी, इनवर्टर, मोबाइल समेत सारा घरेलू सामान लूटकर गाड़ी में भरकर ले गए। साथ ही उस्मान चौधरी ने अपने किराएदार माजिद का सामान रखवाकर घर पर कब्जा करा दिया। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने धमकी दी है कि ज्यादा हाथ-पांव पीटे तो जान से हाथ धोना पड़ेगा।
सरकारी जमीन कब्जाकर जमीन बेचने का आरोप
दरख्शा व उसके परिजनों का आरोप है कि उस्मान ने सरकारी जमीन कब्जाकर उस पर कॉलोनी काटी है। उन्होंने करीब एक दशक पहले साढ़े 6 लाख रुपये में उस्मान से प्लॉट लेकर मकान बनाया था। उसने पहले ही कह दिया था कि वह सिर्फ जमीन दे रहा है। दस्तावेजों से कोई लेना-देना नहीं है। आरोप है कि कुछ दिनों से उस्मान उनके मकान पर कब्जा कराना चाह रहा था। विरोध करने पर उसने सामान लूटकर कब्जा कर लिया।
मसूरी पुलिस बोली-चुपचाप फैसला कर लो
स्थानीय लोगों का कहना है कि उस्मान चौधरी का आतंक इस कदर है कि मसूरी पुलिस भी उसके आगे नतमस्तक रहती है। वहीं, पीड़ित परिवार का कहना है कि वह कुछ दिन पहले शिकायत लेकर मसूरी थाने पहुंचे तो पुलिस ने उस्मान के खिलाफ कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। पुलिस ने उल्टे यह कहा कि तुम्हें पता है कि किसके खिलाफ शिकायत दे रहे हो। चुपचाप जाकर फैसला कर लो। घटना बाद पीड़ित परिवार ने उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई, जिसके बाद मसूरी पुलिस ने उसके खिलाफ डकैती का केस दर्ज किया।
कस्बे में लगे हैं सपा के बैनर वाले पोस्टर
डकैती के आरोपी उस्मान चौधरी ने डासना कस्बे में सपा के बैनर वाले पोस्टर लगाए हुए हैं। पोस्ट में मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव और आजम खान के फोटो के बाद अपना व अपने बेटे इमरान का फोटो लगाया हुआ है। इस साल की शुरूआत में उसने खुद को डासना देहात ग्राम पंचायत से प्रधान पद का दावेदार बताया था। हालांकि, बाद में वह चुनाव नहीं लड़ा था।
कोट........
उस्मान चौधरी व उसके बेटे समेत सात पर डकैती का केस दर्ज किया गया है। एक आरोपी अताउल्लाह को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। उस्मान ने जिस जमीन पर कॉलोनी बसाई, उसकी प्रशासन से जांच कराई जाएगी।
- डॉ. ईरज राजा, एसपी ग्रामीण
कोट......
मैं डासना में उस्मान चौधरी नाम के किसी व्यक्ति को नहीं जानता हूं। समाजवादी पार्टी में पदाधिकारी होना तो दूर, पार्टी से उसका कोई लेना-देना नहीं है।
- राशिद मलिक, सपा जिलाध्यक्ष