- भोपुरा तिराहे से पीछा कर रहे थे बदमाश, तीसरी बार में झांसा देकर सफल हुए
- टीला मोड़ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। भोपुरा में कार सवार एक दंपति को बदमाशों ने कार से तेल निकलने का झांसा देकर उनसे बैग लूट लिया। वह दोनों दिल्ली से लोनी भोपुरा रोड की दिल्ली 99 सोसायटी जा रहे थे। दंपति ने टीला मोड़ थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर रही है।
दिल्ली के ग्रीन पार्क एक्सटेंशन में विनीता गोयल पति गिरीश गोयल के साथ साथ रहती हैं। गिरीश बैंककर्मी हैं। 13 नवंबर को दोनों ग्रीन पार्क दिल्ली से अपने फ्लैट दिल्ली 99 लोनी रोड के लिए जा रहे थे। भोपुरा तिराहे के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनकी रेकी कर हाथ से कार साइड करने का इशारा किया। इसके बाद दंपती को कार से तेल निकलने का झांसा देना चाहा। वह बात को अनसुना कर आगे बढ़ने लगे। तभी पीछे से दूसरी बाइक पर दो अन्य बदमाश आए और तेल निकलने की जानकारी दी। उन्होंने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। तीसरी बाइक पर दो अन्य बदमाश आए और फिर से तेल निकलने की बात कही। इस पर उन्हें शक हुआ तो गिरीश ने सड़क किनारे गाड़ी रोक ली। किसी ने कार के ऊपर तेल डाल रखा था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक आए और उनकी पत्नी के हाथ से बैग छीनकर फरार हो गए। विनीता ने शोर भी मचाया, लेकिन बदमाश काफी दूर तक भाग चुके थे। बैग में सरकारी स्कूल का आई कार्ड, पहचान पत्र, स्कूल की अलमारी की चाबियां, घर की चाबियां, मंगलसूत्र, मोबाइल फोन, तीन हजार नगद थे। विनीता ने टीला मोड़ थाने में पुलिस को शिकायत दी। थाना प्रभारी महावीर सिंह का कहना है कि घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज को लेकर बदमाशों की पहचान की जा रही है। जल्द बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।