समय पूरा होने के बाद बॉक्स की सील तोड़कर डाले टेंडर
गाजियाबाद। जीडीए में अवैध निर्माण कराने के लिए रिश्वत लेने का वीडियो वायरल होने का मामला अभी ठंडा नहीं हुआ है। अब प्राधिकरण में एक और बड़ी अनियमितता सामने आई है। अभियंत्रण विभाग के एक टेंडर का समय पूरा होने के बाद भी दो ठेकेदारों ने टेंडर बॉक्स की सील तोड़कर टेंडर डाल दिया। प्राधिकरण परिसर में लगे सीसीटीवी में घटना कैद होने पर हंगामा खड़ा हो गया है। मामले में जीडीए कर्मचारियों की मिलीभगत भी सामने आ रही है। ऐसे में मामला संज्ञान में आते ही अधिकारियों ने तत्काल सभी टेंडरों को निरस्त कर मामले में जांच बैठा दी है।
बीते दिनों जीडीए में 12 विभिन्न कार्यों के टेंडर निकाले गए थे। इसमें 11 कार्य निर्माण और एक इलेक्ट्रिक संबंधी कार्य का टेंडर था। टेंडर में शामिल सभी कार्य 1.40 लाख से लेकर 8.50 लाख रुपये के अंदर थे। पूर्व की तरह जीडीए के प्रवेश द्वार के पास बने स्वागत कक्ष में टेंडर बॉक्स रखा था। इसमें ठेकेदारों को सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक टेंडर डालने थे। टेंडर डालने की समयसीमा पूरी होने के बाद बॉक्स को सील कर दिया गया। लेकिन गत सोमवार को 2.23 बजे के करीब स्वागत कक्ष के पीछे के गेट से जीडीए के दो ठेकेदार के साथ एक जीडीए कर्मचारी अंदर घुसा और बॉक्स की सील तोड़ने के बाद टेंडर डाल दिए। मामला सीसीटीवी में रिकॉर्ड होने से धांधली सामने आ गई है।
दोषियों पर दर्ज कराया जाएगा मुकदमा:
सीसीटीवी फुटेज में दो ठेकेदार व एक कर्मचारी टेंडर बॉक्स से छेड़छाड़ करते देखा गया है। मामला संज्ञान में आते ही सभी टेंडर निरस्त कर मामले की जानकारी आला अधिकारियों को दी गई है। मामले की जांच के बाद दोषियों पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। -- एसके सिन्हा, कार्यकारी मुख्य अभियंता, जीडीए
---