बोर्ड बैठक का बहिष्कार कर सभासदों ने दिया धरना
लोनी। नगर पालिका अधिकारियों द्वारा सभासदों की समस्याओं की सुनवाई नहीं होने पर सोमवार को हो रही बोर्ड बैठक का सभासदों ने एकजुट होकर बहिष्कार किया है। सभासद अधिकारियों के खिलाफ खन्नानगर कॉलोनी स्थित नगर पालिका में धरने पर बैठ गए। सभासदों ने नारेबाजी करते हुए ईओ और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है।
सोमवार को लोनी नगर पालिका में ईओ शालिनी गुप्ता, चेयरमैन रंजीता धामा, सभासदों के बीच बोर्ड बैठक का आयोजन किया जा रहा था। इसमें बजट रखा जा रहा था। इस दौरान सभी सभासद उठ गए और बैठक का बहिष्कार करते हुए ईओ शालिनी गुप्ता को एक ज्ञापन सौंपा। इसके बाद सभी सभासद मीटिंग हाल से बाहर निकालकर नगर पालिका के मैदान में आ गए। सभी सभासद वहीं धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। सभासद प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष जगत सिंह ने बताया कि किसी विकास कार्य की गुणवत्ता की बात और जल निकासी बात करते हैं तो सभासदों की सुनवाई नहीं होती है। सुनवाई नहीं होने पर सभी सभासदों ने बहिष्कार कर दिया है।
सभासद प्रमोद कुशवाह ने बताया कि पालिका की बोर्ड बैठक में मात्र औपचारिकता पूरी की जाती है। जब सभासदों की सुननी नहीं है, तो बोर्ड बैठक क्यों की जाती है। सभासदों के काम होने चाहिए। सभासद राजेश बंसल ने बताया कि नगरपालिका में जो भी काम हो रहे हैं, मिट्टी के स्थान पर ईंटें डाली जाती हैं। सभासदों के काम को आश्वासन मिलता है लेकिन काम नहीं होते हैं। सभासद अनूप भड़ाना ने बताया कि चेयरमैन अपनी मर्जी से काम कराती हैं। 300 करोड़ का घोटाला हो रहा है। एक फाइल गायब है। किसी का सम्मान नहीं हो रहा है। जेई से काम को बोलते हैं तो वह कहते हैं कि हम प्रस्ताव बनाकर देते हैं, चेयरमैन काम को पास करेगी।