कनावनी में गोली मारकर फाइनेंसर की हत्या
इंदिरापुरम। कनावनी में शनिवार देर रात बदमाशों ने सीने में गोली मारकर फाइनेंसर शिवम भारद्वाज (27) की हत्या कर दी। गोली शिवम के सीने में लगी मिली। पुस्ता रोड पर खून से लथपथ कार में उसका शव मिला। सूचना पहुंची पुलिस उसे जिला अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने यशोदा अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान शिवम की मौत हो गई। पुलिस ने शिवम के मोबाइल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
कनावनी पुस्ते पर आम्रपाली ग्लोबल इंग्लिश स्कूल के पास राममूर्ति भारद्वाज परिवार के साथ रहते हैं। उनकी शर्मा मार्केट में कई दुकानें हैं। उनका छोटा बेटा शिवम भारद्वाज पिछले पांच साल से मोबाइल शॉप चला रहा था और लोगों को फाइनेंस पर रुपये देता था। शनिवार रात शिवम दुकान से लौटा और मां से एक मसले को सुलझाने की बात कहकर कार लेकर चला गया। रात करीब दस बजे अचानक घर पर पुलिस ने परिवार को उसके एक्सीडेंट में घायल होने की सूचना दी। नेहरू नगर के यशोदा अस्पताल में डॉक्टरों ने शिवम की शर्ट उतारी तो उन्हें सीने, कंधे और कमर पर गोली का निशान मिले। घटना की जानकारी होते ही क्षेत्राधिकारी इंदिरापुरम अभय कुमार मिश्र भी मौके पर पहुंचे और फारेंसिक टीम से गाड़ी में जांच कराई। टीम को सीट के पास 32 बोर पिस्टल का एक खोखा और बुलेट मिली। फिलहाल पुलिस को अभी तक हत्याकांड के कारणों की जानकारी नहीं हो सकी है।
10 तारीख वाले मसले से सुलझेगी हत्या की गुत्थी
शिवम के चाचा पंकज शर्मा ने बताया कि घटना से पहले वह अपनी मां से 10 तारीख वाले मसले को सुलझाने की बात कहकर निकला था। इंदिरापुरम के काला पत्थर से इस तथ्य के तार जुड़ रहे हैं। करीब एक घंटे बाद उसको पिता राममूर्ति और अन्य परिजनों ने किसी काम के लिए कॉल की तो उसका फोन नहीं उठा। ऐसे में परिवार की चिंता बढ़ने लगी। सभी ने पुलिस को सूचना दी और कनावनी चौकी के पुलिसकर्मियों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। फिलहाल इस घटना में परिवार के लोगों ने किसी से लड़ाई-झगड़ा या रंजिश होने की शिकायत नहीं की है।
कई सवालों को सुलझाने में जुटी पुलिस
घटनास्थल पर मिले साक्ष्य से पता चला है कि शिवम की हत्या से पहले उसके साथ गाड़ी में कोई दूसरा शख्स भी मौजूद था। यही नहीं, इंदिरापुरम के काला पत्थर रोड से जुड़ा क्या मामला है जिसे सुलझाने के लिए शिवम घर से मां को बोलकर निकला था। इसके अलावा ब्याज पर पैसे देने के दौरान उसका किसी से झगड़ा या विवाद तो नहीं हुआ था। मामले में पिता राममूर्ति भारद्वाज ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।
सीओ इंदिरापुरम अभय कुमार मिश्र का कहना है कि कुछ अहम सुराग मिले हैं, उस पर काम चल रहा है। परिजनों से बातचीत में अभी हत्या की वजह सामने नहीं आई है। जल्द ही आरोपी को पकड़कर घटना का खुलासा किया जाएगा।