स्कॉर्पियो कार से खतरनाक स्टंट करते युवक का वीडियो वायरल
इंदिरापुरम। पुलिस की ताबड़तोड़ चालान कटने की कार्रवाई के बाद भी स्टंटबाज अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। एलिवेटेड रोड पर स्कॉर्पियो गाड़ी से खतरनाक स्टंट करते एक युवक का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ है। यह इंदिरापुरम थाना क्षेत्र का बताया गया है। वीडियो में करीब 24 वर्षीय युवक चलती गाड़ी का स्टेयरिंग छोड़कर गेट पर बैठा नजर आ रहा है। उसका दूसरी गाड़ी में बैठे दोस्त वीडियो बना रहे हैं। वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर इंदिरापुरम और यातायात पुलिस ने गाड़ी नंबर के आधार पर चालक की तलाश तेज कर दी है।
वायरल वीडियो में गाड़ी के युवा चालक ने बैंगनी कलर की टीशर्ट और नीली जींस पहली हुई है। 14 सेकेंड के वीडियो में वह तेज रफ्तार में चलती गाड़ी का गेट खोलकर बाहर निकल जाता है और फिर तीन बार अलग-अलग तरीके से स्टंट दिखाता है। हालांकि वीडियो में यह पुष्टि नहीं हो रही है कि यह एलिवेटेड रोड के किस तरफ का है। इसके अलावा वीडियो में गाड़ी का जो नंबर नजर आ रहा है कि वह जनपद में किसी भी स्कॉर्पियो गाड़ी का नहीं मिला है। वीडियो का संज्ञान लेकर एसपी यातायात रामानंद कुशवाहा ने युवा चालक को तलाश करने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि प्रथम दृष्टया वीडियो देखने से प्रतीत होता है कि यह हाल-फिलहाल में नहीं बनाई गई है। हालांकि यातायात पुलिसकर्मी विभिन्न जगह के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं, जल्द ही उनकी पहचान होने पर चालान काटने की कार्रवाई की जाएगी।
इंदिरापुरम थाना प्रभारी मनीष बिष्ट का कहना है कि वायरल वीडियो इंदिरापुरम थाना क्षेत्र का है या नहीं। इसकी जांच की जा रही है। वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिसकर्मी लगातार एलिवेटेड रोड पर निगरानी रख रहे हैं।