रत्नागिरी टावर के बाहर आयकर विभाग में डिप्टी कमिश्नर की मां से चेन लूट
कौशांबी। थाने से चंद कदम की दूरी पर रत्नागिरी टावर के सामने बुधवार तड़के आयकर विभाग में डिप्टी कमिश्नर की मां प्रफुल्ल गुप्ता से लुटेरों ने चेन लूट ली। विरोध करने पर लुटेरों ने उन्हें धमकी देकर डरा दिया। कौशांबी पुलिस सीसीटीवी फुटेज से लुटेरों की पहचान करने में जुटी है।
रत्नागिरी टावर निवासी प्रफुल्ल गुप्ता (66) ने बताया कि उनकी बेटी पायल गुप्ता दिल्ली स्थित आयकर भवन में डिप्टी कमिश्नर के पद पर कार्यरत हैं। बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे वह टावर के बाहर खड़े ठेली वालों से सब्जी खरीद रही थीं। इस दौरान एक लुटेरा उनके पास पहुंचा और गले से झपट्टा मारकर अचानक सोने की चेन लूट ली। उन्होंने विरोध किया तो लुटेरे ने डरा धमका दिया, इसके बाद वह पास में खड़े दूसरे लुटेरे के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गया। उनका कहना है कि दोनों लुटेरों ने हेलमेट पहने हुए थे। लूटी गई चेन की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई गई है। घटना की सूचना उन्होंने तुरंत अपने दामाद शशांक को दी। कौशांबी पुलिस सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंची। चेन लूट के पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
थाना क्षेत्र में महिलाएं हो रहीं लगातार लूट का शिकार :
लुटेरे कौशांबी थाना क्षेत्र में लगातार महिलाओं को लूट का शिकार बना रहे हैं। जयपुरिया एंक्लेव के आरडब्ल्यूए महासचिव शोभारानी वर्णवाल से लुटेरों ने चेन लूटी थी। इसके बाद वैशाली में सेंट्रल पार्क के पास पारुल से बाइक सवार लुटेरों ने तड़के चेन लूट ली थी। लूट के तमाम वारदात अभी पुलिस के पास लंबित पड़ी हैं लेकिन उनका खुलासा नहीं हुआ है।
बाइकर्स दस्ता भी पूरी तरह फेल :
सीओ इंदिरापुरम अभय कुमार मिश्रा ने 8 अप्रैल को लूट की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए इंदिरापुरम व कौशांबी थाना क्षेत्र में पुलिस के बाइकर्स दस्ते को हरी झंडी दी थी। इन पुलिसकर्मियों को हॉट स्पॉट प्वाइंट पर निगरानी रखकर लुटेरों को दबोचना था, लेकिन ताबड़तोड़ लूट की वारदातों ने थाना क्षेत्र में बाइकर्स दस्ते ओर पुलिसिंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सीओ इंदिरापुरम अभय कुमार मिश्रा का कहना है कि लुटेरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रही है। जांच के दौरान कुछ सुराग मिले हैं उन पर टीम काम कर रही है जल्द ही लुटेरों को पकड़ कर घटना का खुलासा किया जाएगा।