एक और दिन एक और लूट, वैशाली में महिला से लूटी चेन
वैशाली। लूट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। रविवार को एक और लूट हुई। वैशाली सेक्टर-4 में सुबह सेंट्रल पार्क के बाहर खड़ी पारुल से बाइक सवार लुटेरे ने सोने की चेन लूट ली। वह सैर करने के बाद योग क्लास से घर जा रही थीं। लुटेरों के झपट्टे से उनके गले पर चेन घिसटने से निशान हो गए। वहीं, लुटेरा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पुलिस शिकायत पर जांच कर रही है।
पारुल वैशाली सेक्टर-4 में ही परिवार के साथ रहती हैं। वह रोजाना पड़ोस की महिलाओं के साथ सेंट्रल पार्क में टहलने व योग क्लास लेने जाती हैं। स्थानीय निवासी राजेश्वर लाल ने बताया कि पारुल जैसे ही अन्य महिलाओं के साथ पार्क से बाहर निकलीं, तभी गेट पर बाइक सवार लुटेरे ने उनके गले से चेन लूट ली। उन्होंने शोर मचाकर पीछा भी किया, लेकिन वह धमकाकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। लुटेरे की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें वह पार्क के आसपास दो बार चक्कर लगाता नजर आ रहा है। महिलाओं का आरोप है कि आए दिन इलाके में वारदात हो रही हैं और पुलिस गश्त के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। सभी ने एक वीडियो जारी कर पुलिस के खिलाफ गुस्सा जाहिर किया। थाना प्रभारी सचिन मलिक का कहना है कि चेन लूट की सूचना पर पुलिस गई थी, सीसीटीवी कब्जे में लेकर लुटेरे की पहचान की जा रही है।