लोन दिलाने का झांसा देकर घरेलू सहायिका से ठगे 42 हजार
इंदिरापुरम। वैभवखंड में घरेलू सहायिका को 12 लाख का लोन दिलाने का झांसा देकर शातिर महिला ने उनके खाते से 42 हजार की रकम ट्रांसफर करा ली। उन्होंने मकान मालकिन के कहने पर महिला कॉलर से फोन पर बात की। आरोप है कि ठग ने उन्हें एक लिंक भेजा और जानकारी लेकर खाते से चूना लगा दिया। साइबर सेल को शिकायत देकर इंदिरापुरम थाने में ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
राजकुमारी सोसायटी के फ्लैटों में काम कर परिवार का पालन पोषण करती हैं। कुछ दिनों पहले मकान मालकिन के पास पूजा नाम की महिला का फोन आया और उसने 12 लाख का लोन कराने की बात कही। इस बारे में मालकिन ने राजकुमारी को भी बताया जिससे कि उससे आर्थिक मदद मिल सके। दो-तीन दिन बाद पूजा नाम की शातिर ठग ने राजकुमारी को फोन किया फिर उन्हें एक लिंक भेजकर पूरी जानकारी ले ली। आरोप है कि शातिर ने लोन के लिए आवेदन के बहाने खाते में 42 हजार 480 रुपये ट्रांसफर करा लिए। इतना ही नहीं दोबारा 7000 रुपये और भेजने के लिए कहा लेकिन वह सतर्क हो गईं। महिला कॉलर द्वारा बताई गई कंपनी के फोन पर राजकुमारी ने संपर्क किया तो प्रबंधन से किसी भी प्रकार का लोन देने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने पूजा से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन उसका फोन स्विच ऑफ हो गया। इसके बाद राजकुमारी ने साइबर सेल को ठगी की शिकायत दी। इंदिरापुरम थाना प्रभारी मनीष बिष्ट का कहना है कि शिकायत के आधार पर ठगी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।