फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गाजियाबाद: बुजुर्ग को कमरे में बंद कर थप्पड़ जड़े-दाढ़ी काटी और डंडों से पीटा, वीडियो वायरल

Mon, 14 Jun 2021 04:19 PM IST
पूजा त्रिपाठी माई सिटी रिपोर्टर, गाजियाबाद/लोनी

सार

कस्बा अनूपशहर के बुलंदशहर के मीरा मोहल्ला निवासी अब्दुल समद का कहना है कि बीते दिनों लोनी बॉर्डर क्षेत्र के हाजीपुर बेहटा निवासी उनके एक रिश्तेदार की मौत हो गई थी।
विज्ञापन
लोनी में बुजुर्ग की पिटाई, फिर काटी दाढ़ी - फोटो : वीडियो ग्रैब
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लोनी बॉर्डर थानाक्षेत्र के बेहटा हाजीपुर में ऑटो सवार चार युवकों द्वारा बुलंदशहर के बुजुर्ग को बंधक बनाकर तीन घंटे तक यातनाएं देने व दाढ़ी काटने का मामला सामने आया है। वीडियो भी बनाई गई। गत पांच जून को हुई घटना में पुलिस ने दो दिन बाद सिर्फ मारपीट का केस दर्ज किया, लेकिन नौ दिन बाद घटना का वीडियो वायरल होने पर पुलिस हरकत में आ गई। अधिकारियों का कहना है कि दो आरोपी ट्रेस कर लिए गए हैं। मुकदमे में धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
विज्ञापन


कस्बा अनूपशहर के बुलंदशहर के मीरा मोहल्ला निवासी अब्दुल समद का कहना है कि बीते दिनों लोनी बॉर्डर क्षेत्र के हाजीपुर बेहटा निवासी उनके एक रिश्तेदार की मौत हो गई थी। गत पांच जून को वह रिश्तेदार के घर जाने के लिए घर से निकले। दोपहर करीब 3 बजे उन्होंने दिल्ली गोल चक्कर से एक ऑटो बेहटा हाजीपुर जाने के लिए किया। बुजुर्ग का कहना है कि रास्ते में चालक के तीन और साथी ऑटो में बैठ गए। वह उन्हें बेहटा हाजीपुर ले जाने की बजाय सुनसान इलाके में ले गए और एक कमरे में बंधक बना दिया। वहां चारों लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। उनको जमकर पीटा। आरोपियों ने गाली-गलौज भी की।

आरोपी बोले-जान प्यारी है या दाढ़ी
पीड़ित अब्दुल समद के मुताबिक, आरोपियों के पास कैंची भी थी। एक युवक ने दाढ़ी काटने के लिए कैंची लाने के लिए कहा तो उन्होंने आरोपियों के हाथ जोड़कर दाढ़ी न काटने की गुहार लगाई। इस पर आरोपियों ने कहा कि उन्हें जान प्यारी है या दाढ़ी। इस पर वह बेबस हो गए और युवकों ने कैंची से दाढ़ी काटनी शुरू कर दी। उन्होंने विरोध किया तो युवकों ने उनके साथ फिर से मारपीट शुरू कर दी।
विज्ञापन


पुलिस चेकिंग की बात कह गलत दिशा में दौड़ाया ऑटो
पीड़ित का कहना है कि रास्ते में तीन साथियों को बैठाने के बाद चालक ऑटो को रांग साइड में दौड़ाने लगा। कारण पूछने पर चालक ने कहा कि आगे पुलिस चेकिंग कर रही है, उसी से बचने को थोड़ी दूर रांग साइड चलना है। पीड़ित के मुताबिक इसके बद आरोपियों ने जबरदस्ती कपड़े से उनकी आंखें ढक दीं और मारपीट करते हुए सुनसान जगह ले गए।
 
विज्ञापन

बाइक पर बैठाकर सुनसान इलाके में छोड़ा
अब्दुल समद का कहना है कि तीन घंटे तक बंधक बनाकर यातनाएं देने के बाद युवक उन्हें बाइक पर बैठाकर सुनसान इलाके में सड़क किनारे छोड़ गए। यहां से कई किलोमीटर पैदल चलकर वह दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर पहुंचे और ऑटो से सीमापुरी दिल्ली निवासी रिश्तेदार के घर आ गए। वह काफी परेशान थे, लिहाजा अगले दिन रिश्तेदार को साथ लेकर लोनी बॉर्डर थाने में तहरीर दी।

पुलिस ने दूसरे दिन हल्की धारा में दर्ज किया केस
6 जून को पीड़ित की तहरीर आने के बाद लोनी बॉर्डर पुलिस ने 7 जून को केस दर्ज किया, लेकिन केस में सिर्फ मारपीट की धाराएं लगाईं। अभी तक पुलिस एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी। वहीं, दाढ़ी काटने की वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिसके बाद पुलिस हरकत में आ गई।

दो आरोपी हुए ट्रेस, एक पहले से जेल में
सीओ लोनी अतुल सोनकर का कहना है कि पीड़ित ने मारपीट की तहरीर दी थी, जिसके आधार पर केस दर्ज किया गया था। दो आरोपियों को ट्रेस कर लिया गया है। एक आरोपी का नाम प्रवेश गुर्जर है, जो किसी अन्य मामले में जेल में बंद है। उसे पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया जाएगा। सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है।  सीओ का कहना है कि आरोपियों पर धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें