ऑटो गैंग ने आयकर निरीक्षक को ऑटो में रिवॉल्वर की बट मारकर लूटा
साहिबाबाद। लिंक रोड थाना क्षेत्र में ऑटो गैंग ने आयकर निरीक्षक वेदप्रकाश शर्मा को रिवॉल्वर की बट से घायल कर उनका बैग, मोबाइल और एक हजार नकद लूट लिया। घटना के बाद बदमाशों ने उन्हें ऑटो से डाबर तिराहे से आगे सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। घटना 20 दिसंबर की रात की है। आरोप है कि पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने में कोताही बरत रही है। उन्होंने अब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है।
इंदिरापुरम निवासी वेदप्रकाश शर्मा दिल्ली आयकर भवन में निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। बताया कि 20 दिसंबर को शाम करीब 7:30 बजे वह ऑफिस से लौटकर कौशांबी मेट्रो स्टेशन पर उतरे थे। इस बीच घर जाने के लिए ऑटो लिया। उसमें पीछे सीट पर दो संदिग्ध और चालक के बराबर में तीसरा युवक बैठा था। उन्होंने बताया कि महाराजपुर पुलिस चौकी से थोड़ा आगे डाबर तिराहे से पहले आगे वाला बदमाश पीछे आया और उनका बैग लूटकर सीट के पीछे फेंक दिया। उन्होंने विरोध किया तो बदमाश ने कनपटी पर रिवाल्वर लगाकर मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने बैग के बारे में पूछा तो बदमाश ने रिवाल्वर की बट से सिर व चेहरे पर वार कर उन्हें घायल कर दिया। कुछ दूरी पर चालक ने ऑटो रोका और पीछे बैठे बदमाशों ने मोबाइल व एक हजार की नकदी भी लूट ली। बाद में एक बदमाश चालक के बराबर में जाकर बैठ गया। डाबर तिराहे से आगे बढ़ने पर पीछे बैठे दोनों बदमाशों ने उन्हें सड़क किनारे फेंक दिया और फिर चारों बदमाश ऑटो लेकर फरार हो गए।
आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने लिंक रोड पुलिस को सूचना दी। मेट्रो स्टेशन के पास मौजूद पुलिसकर्मियों ने घटना स्थल पर जांच की। इसके बाद लिंक रोड थाने पहुंचे तो उन्हें विभागीय अधिकारी बताकर घटना की तहरीर लूट के बजाय चोरी में देने के लिए दबाव बनाया। आरोप यह है कि पुलिसकर्मियों ने दो-तीन दिन में सारा सामान दिलाने का भरोसा भी दिया। उन्होंने झांसे में आकर चोरी की शिकायत दी। मगर अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। रविवार को पीड़ित ने एसएसपी पवन कुमार से शिकायत की।
एसपी सिटी सेकेंड ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि घटना के बारे में पीड़ित से बात कर सही तहरीर लेेने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। अभी तक रिपोर्ट दर्ज क्यों नहीं हुई थी, इसकी जांच कराई जाएगी। बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।