पचायरा गांव में आठ बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर पर बरसाई गोलियां
लोनी। ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र के पचायरा गांव में कार और बाइक सवार आठ बदमाशों ने बृहस्पतिवार सुबह प्रॉपर्टी डीलर दिनेश की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने डीलर को 6 गोलियां मारी और चार राउंड हवाई फायर करते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मृतक के परिजनों पांच घंटे तक हंगामा किया और पुलिस को शव उठाने नहीं दिया। पुलिस के अनुसार हत्या रंजिश में की गई है। एक महीने पहले भी दोनों पक्षों के बीच गोलियां चलीं थी।
अगरौला गांव में वीर सिंह परिवार के साथ रहते हैं। उनका बेटा दिनेश (45) पचायरा गांव में वीर सिटी नाम से बसी कॉलोनी में प्लाट काट रहे थे। दिनेश का पचायरा गांव में आफिस है। बृहस्पतिवार को वह बाइक से ऑफिस सेे घर वापस आ रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार एक कार और बाइक पर सवार करीब 8 बदमाशों ने उन्हें पचायरा गांव के रास्ते में घेर लिया। बदमाश ने अपनी कार से दिनेश की बाइक पर टक्कर मार दी, जिससे दिनेश गिर गए। इस दौरान बाइक और कार से करीब 8 बदमाश उतरे और दिनेश पर गोलियों की बौछार कर दी। दिनेश ने हेलमेट पहन रखा था, बदमाश ने हेलमेट पर गोली मारी। गोली हेलमेट को तोड़ती हुई दिनेश के सिर में जा लगी। इस दौरान दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश पुश्ता की तरफ फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। ग्रामीणों और परिजनों ने पांच घंटे तक पुलिस को शव को उठाने नहीं दिया। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त सजा देने की मांग करने लगे। लोनी सीओ अतुल कुमार सोनकर के आश्वासन के बाद परिजन मानें और पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।