दिल्ली की युवती से दो छात्रों ने किया सामूहिक दुष्कर्म
साहिबाबाद। दिल्ली निवासी युवती ने दो छात्रों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। इंस्टाग्राम से युवती की छात्र से दोस्ती हुई थी। युवती का कहना है कि आरोपी ने उनकी वीडियो भी बनाई है। विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता की तहरीर पर कौशांबी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मुख्य आरोपी प्रभात यूपी के रिटायर्ड एडिशनल कमिश्नर का बेटा बताया जा रहा है।
दिल्ली की एक कॉलोनी में एक युवती परिवार के साथ रहती हैं। कौशांबी पुलिस को दी तहरीर में उसने बताया कि मेरठ के मूल निवासी एक छात्र से उसकी वर्ष 2020 में इंस्टाग्राम पर बातचीत हुई। इसके बाद छात्र ने उससे दोस्ती कर शादी करने का प्रस्ताव रखा, जिसे युवती ने इनकार कर दिया। इस पर दोनों में दोस्ती पर सहमति हो गई। इसके बाद युवती कहीं घूमने जा रही थी, छात्र ने भी साथ चलने को कहा। आरोपी कौशांबी स्थित अपने फ्लैट से कुछ सामान ले जाने की बात कहकर साथ ले गया। आरोप है कि वहां ले जाकर छात्र ने उसके साथ दुष्कर्म कर मारपीट की और वीडियो बना ली। इसके बाद शादी करने का दबाव बनाया। इनकार करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। आरोप है कि उत्तराखंड भी साथ ले गया और वहां भी मारपीट कर दुष्कर्म किया। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई। वह कुछ दिन बाद अपने दोस्तों के साथ हिमाचल घूमने के लिए गई थी। वहां आरोपी अपने दोस्त संस्कार के साथ पहुंच गया। आरोपी ने वहां भी युवती के साथ दुष्कर्म । इस दौरान दोस्त ने इसकी वीडियो बना ली। वायरल करने की धमकी देकर उसने भी दुष्कर्म किया और विरोध करने पर मारपीट की। पीड़िता ने वहां से आकर कौशांबी थाने में शनिवार रात को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस कर रही है छात्रों की तलाश
पुलिस जांच में सामने आया है कि मेरठ निवासी छात्र नोएडा के एक कालेज में पढ़ाई कर रहा है। जबकि उसका दोस्त भी अभी पढ़ रहा है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी रिटायर्ड एडिशनल कमिश्नर उत्तर प्रदेश का बेटा है। सीओ अभय कुमार मिश्र ने बताया कि पीड़िता की ओर से मिली शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।