किसान कांवड़ यात्रा में 105 गांवों के युवा पहुंचे आंदोलनस्थल
साहिबाबाद। यूपी गेट पर किसान आंदोलन स्थल पर शुक्रवार को हरियाणा के खटकड़ टोल प्लाजा से पैदल चलकर 105 गांवों के युवा किसान कांवड़ यात्रा लेकर पहुंचे। भाकियू के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव टिकैत ने किसानों का स्वागत किया। वहीं, राष्ट्रीय महासचिव और मध्यप्रदेश के प्रभारी पं. राजपाल शर्मा के नेतृत्व में 100 किसानों का जत्था भी पहुंचा। शाम को किसान पदाधिकारियों के बीच नौ अगस्त को बहुराष्ट्रीय कंपनियों के खिलाफ भारत छोड़ो आंदोलन कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति तय हुई।
मीडिया प्रभारी शमशेर राणा ने बताया कि मध्य प्रदेश से किसानों का जत्था किसान क्रांति द्वार पहुंचा। भाकियू के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष गौरव टिकैत ने सभी से मिलकर उनका स्वागत किया। जिनमें राष्ट्रीय महासचिव व मप्र के प्रभारी पं. राजपाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष जगदीश सिंह पाटीदार, अमृत लाल पटेल, किशनपाल, संतोष तिवारी, साधु प्रसाद के साथ करीब 100 किसान पहुंचे। इस बीच किसानों ने मप्र में किसानों को एमएसपी न मिलने का मुद्दा उठाया। किसानों का कहना था कि मप्र में एमएसपी न थी और न है, क्योंकि हम जब अपना गेहूं ट्रॉली में भरकर ले जाते हैं तो मंडी में दो-तीन या चार हजार तक रिश्वत देनी होती है।
वहीं, हरियाणा के जिला जींद के खटकड़ टोल प्लाजा से युवा किसानों का जत्था पहुंचा। उन्होंने बताया कि वह दो अगस्त को पैदल चलकर यहां आए और उनके साथ 105 गांवों के किसान पहले टीकरी और सिंधु बॉर्डर होते हुए यूपी गेट आए। किसान अपने साथ जल, मिट्टी और तिरंगा लेकर पहुंचे। तिरंगा यात्रा के युवाओं ने अपने गांव के तालाब से लाए पानी से बुजुर्ग किसानों के पांव धोए। बाद में उन्होंने अपने खेतों की मिट्टी को शहीद स्मारक में मिश्रित किया। इस दौरान राजपाल शर्मा ,चौ. बिजेंद्र सिंह, गुड्डू प्रधान, रविंद्र दौरालिया, गुलवीर सिंह, सतपाल बालियान, रामपाल सिंह, महावीर सिंह, भोपाल सिंह, राजवीर सिंह, नरेंद्र सिंह, शीशपाल सिंह, ऋषि पाल सिंह आदि मौजूद रहे।