सबस्टेशन में घुसे चूहे ने गुल कर दी बिजली
साहिबाबाद। वसुंधरा सेक्टर -19 के सबस्टेशन में शुक्रवार सुबह विद्युत मशीन में चूहा घुस गया। इससे सेक्टर-15 के शिखर एंक्लेव समेत अन्य इलाकों में करीब सवा चार घंटे बिजली गुल रही। वहीं, साहिबाबाद में 220 केवीए ट्रांसमिशन के सर्किट में खराबी आने के कारण बृहस्पतिवार रात करीब पांच घंटे वसुंधरा सेक्टर-4, सूर्य नगर, साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र के लोग रातभर सो नहीं सके। जब बहुत देर तक बिजली नहीं आई तो उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को सूचित किया। अधिकारियों ने फॉल्ट ठीक कराकर तड़के तीन बजे बिजली सुचारु कराई। गुस्साए लोगों ने ट्विटर पर भी शिकायत की थी।
वसुंधरा सेक्टर-15 के शिखर एंक्लेव में रहने वाले संदीप गुप्ता ने बताया कि सुबह करीब सवा छह बजे अचानक बिजली गुल हो गई। इसको लेकर उन्होंने विद्युत विभाग को फोन कर संपर्क किया। जहां अधिकारियों ने कुछ देर बाद आपूर्ति सुचारु करने का भरोसा दिया। आरोप है कि सुबह सवा दस बजे तक भी आपूर्ति नॉर्मल नहीं हुई। वहीं, एसडीओ वाईपी शर्मा ने चार घंटे बिजली कटौती के आरोप को गलत बताया है। उनका कहना है कि सबस्टेशन की मशीन में सुबह चूहा घुसने की वजह से दिक्कत आ गई थी। काफी देर प्रयास करने के दौरान वह अंदर ही मर गया था। इस वजह से फीडर बंद कर मृत चूहे को बाहर निकाला जा सका।
आंधी-बारिश से हुआ फॉल्ट
आंधी और बारिश के दौरान टीएचए के विभिन्न इलाकों में रात करीब दस बजे बिजली सप्लाई ठप हो गई। इससे वसुंधरा और वैशाली के विभिन्न इलाकों में फॉल्ट की वजह से लोगों को काफी दिक्कत हुई। हालांकि झमाझम बारिश ने लोगों को राहत दी। वसुंधरा सेक्टर-4 के लोगों ने बताया कि रात दस बजे बिजली चली गई जो तड़के तीन बजे आई। इससे कई सोसायटी के अधिकांश लोग सो भी नहीं पाए। इसी तरह वसुंधरा सेक्टर-15, 16, 17, 18, वैशाली और इंदिरापुरम के इलाकों में भी दिक्कत रही। गुस्साए उपभोक्ताओं ने ट्विटर और सोशल मीडिया पर अधिकारियों को कई बार फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हुआ। वसुंधरा सेक्टर-10 के एसडीओ अजय बर्मन का कहना है कि साहिबाबाद में 220 केवीए ट्रांसमिशन के सर्किट में खराबी आने की वजह से करीब डेढ़ घंटे सप्लाई बाधित रही थी। इसके बाद सप्लाई सुचारु कर दी गई थी। वहीं, ट्रांसमिशन के ऐई अमरदीप ने बताया कि साहिबाबाद में टाइम्स ऑफ इंडिया के पास एलटी लाइन में फॉल्ट हो गया था, जिससे सप्लाई बाधित हुई थी।
गर्मी से ट्रांसफार्मर में हो रहे फॉल्ट
अधिशासी अभियंता अभिषेक कुमार ने बताया कि गर्मी में 40 डिग्री से ज्यादा तापमान होने की वजह से ट्रांसफार्मर में फॉल्ट हो रहे हैं। एल्युमुनियम का एंगल ट्रांसफार्मर और गर्मी के तापमान से टूट जाता है। इसकी क्षमता करीब छह माह की होती है। इसके अलावा बारिश का पानी तारों में भरने से भी ट्रांसफार्मर में फॉल्ट होते रहते हैं। विभिन्न कॉलोनियों में 200 और 400 केवीए के ट्रांसफार्मर पर ज्यादा लोड आने की वजह से भी फॉल्ट होता है। सूचना के बाद खराब ट्रांसफार्मर बदल दिए जाते हैं। बृहस्पतिवार को नए एंगल समेत अन्य उपकरण खरीदे गए हैं। जिससे उपभोक्ताओं को राहत दी जाएगी।