मिठाई की दुकान में लगी आग लाखों का सामान जलकर खाक
लोनी। दिल्ली-सहारनपुर रोड पाभी गांव के पास शुक्रवार सुबह एक मिठाई की दुकान में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। कर्फ्यू के चलते दुकान कई दिनों से बंद थी। सूचना पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने आग बुझाई। दुकान में आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
पाभी गांव में हाजी अकील दिल्ली सहारनपुर रोड पर बीकानेर स्वीट की दुकान चलाते हैं। परिवार के सदस्यों ने बताया कि कर्फ्यू के चलते मिठाई की दुकान कई दिनों से बंद थी। शुक्रवार सुबह पड़ोसियों ने दुकान में आग लगने की सूचना उन्हें दी। आननफानन वह दुकान पर पहुंचे तो उनकी दुकान में आग लगी हुई थी। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने दो पानी के टैंकरों से करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। ट्रॉनिका सिटी थाना एसएचओ उमेश पवार ने बताया कि जांच में पता चला है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी है।