29 सोसायटी में मल्टीपल कनेक्शन दिए जाने की तैयारी
गाजियाबाद। विद्युत निगम ने बहुमंजिला इमारतों में मल्टीपल कनेक्शन के लिए नए सिरे से कवायद को शुरू किया है। आसान किस्तों में मीटर चार्ज लेने की योजना के बाद निगम अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही 29 सोसायटी में कनेक्शन देने का काम शुरू किया जाएगा। राजनगर एक्सटेंशन, साहिबाबाद सहित अन्य सोसायटी में आरडब्ल्यूए और एओए से कई दौर की वार्ता के बाद सहमति बन रही है। इसके बाद 15 मार्च से कनेक्शन देनेे की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।
दो साल पहले विद्युत नियामक आयोग ने बहुमंजिला इमारतों में मल्टीपल कनेक्शन दिए जाने के निर्देश दिए थे। गाजियाबाद में 180 सोसायटी में कनेक्शन दिए जाने थे लेकिन विद्युत निगम की प्रक्रिया शुरू होने से पहले आरडब्ल्यूए, एओए और स्थानीय लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। आरडब्ल्यूए, एओए ने कॉमन एरिया, लिफ्ट की बिजली सहित अन्य समस्याओं को निगम के समक्ष रखा और स्थानीय लोगों के द्वारा इन जगह की बिजली के लिए मेंटेनेंस में कटौती का तर्क दिया। इसके अलावा इमारतों में बिजली के तार बिछाने से हादसे की आशंका को भी रखा। सोसायटी में रहने वाले लोगों ने मीटर चार्ज 20720 रुपये को अधिक बताया। इस पर नियामक आयोग ने 12 किस्तों में मीटर चार्ज वसूलने के लिए निर्देश दिए हैं। निगम अधिकारी सभी सोसायटी में आरडब्ल्यूए और एओए पदाधिकारियों से लगातार वार्ता कर रहे हैं। अधिशासी अभियंता एसपी सिंह ने बताया कि उनके सर्किल में राजनगर एक्सटेंशन की बांके बिहारी सोसायटी और राजनगर रेजीडेंसी में सहमति होने के बाद कनेक्शन दिए जाएंगे। स्थानीय लोगों से कनेक्शन के लिए लगभग सहमति मिल गई है। उन्होंने बताया कि अन्य सोसायटी में एओए से वार्ता चल रही है।
विद्युत निगम मुख्य अभियंता एसके पुरवार का कहना है कि हमने गुलमोहर ग्रीन, शालीमार सहित चार सोसायटी में कनेक्शन दिए हैं। सभी 180 सोसायटी में कनेक्शन के लिए अधिकारियों को आरडब्ल्यूए और एओए के सहयोग से शिविर लगाने को कहा गया है।