हाउस टैक्स में 25 फीसदी से ज्यादा हुई बढ़ोतरी तो अधिकारी करेेंगे जांच
गाजियाबाद। जीआईएस सर्वे की रिपोर्ट के आधार पर भवन मालिकों का हाउस टैक्स बढ़ाकर भेजे जा रहे बिलों को लेकर विरोध शुरू हो गया है। कई भवन मालिकों ने इस पर आपत्ति जताकर मेयर व निगम अधिकारियों को शिकायत दी है। ऐसे में अब अगर किसी भवन के हाउस टैक्स में 25 फीसदी से ज्यादा बढ़ोतरी हुई है तो ऐसे प्रकरणों की जांच निगम के सीनियर अधिकारी करेंगे।
प्राइवेट कंपनी की ओर से किए जा रहे जीआईएस (ज्योग्राफिकल इंफॉरमेशन सिस्टम) के जरिए हुए सर्वे के बाद भवनों पर टैक्स लगाया तो इसमें 20 से लेकर 150 फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई है। बढ़े टैक्स के निर्धारण के नोटिस भवन मालिकों को भेजने शुरू कर दिए गए हैं। दोगुना टैक्स देखकर लोगों का पारा चढ़ रहा है। वह निगम अधिकारियों, पार्षदों और महापौर से शिकायत कर रहे हैं। नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव कुमार सिन्हा का कहना है कि जिन भवनों का टैक्स ज्यादा बढ़ा है उनकी समीक्षा और जांच की जाएगी। अगर टैक्स का निर्धारण गलत हुआ होगा तो उसमें संशोधन कराया जाता है।