ट्रक और कॉपर चोरी करने वाले गिरफ्तार 6 आरोपी।
- फोटो : GHAZIABAD City
ट्रक समेत एक करोड़ रुपये का कॉपर लेकर भागा ड्राइवर, 6 गिरफ्तार
गाजियाबाद। ट्रक में कॉपर भरकर माल छोड़ने फरीदाबाद से हरिद्वार जा रहे ड्राइवर ने रास्ते में जीपीएस निकालकर फेंक दिया और माल समेत ट्रक लेकर फरार हो गया। ट्रांस्पोर्टर को पता चलने पर मसूरी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने फरार ट्रक ड्राइवर समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनसे चोरी का ट्रक व कॉपर का माल बरामद किया।
सीओ सदर आकाश पटेल ने बताया कि सात जनवरी को फरीदाबाद निवासी सुशील कुमार ने मसूरी थाने में ट्रक ड्राइवर द्वारा माल समेत ट्रक लेकर फरार होने की तहरीर दी थी। पूछताछ में पता चला कि एटा निवासी धीरज उर्फ धीरेंद्र पिछले तीन से सुशील कुमार का ट्रक चला रहा था। पांच जनवरी को धीरज फरीदाबाद से ट्रक में 6 टन वजन कॉपर का माल भरकर हरिद्वार केलिए निकला था। ड्राइवर ने मसूरी पेरिफेरल के पास आकर ट्रक लेकर फरार होने की नीयत से ट्रक में लगे जीपीएस निकालकर फेंक दिया और ट्रक व माल को चोरी कर लिया। ट्रक संचालक ने इसकी सूचना मसूरी पुलिस को दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तलाश शुरू की। पुलिस ने जीपीएस की आखिरी लोकेशन और ड्राइवर की मोबाइल लोकेशन के ट्रेस कर ड्राइवर धीरज और फरीदाबाद निवासी किशन को गिरफ्तार कर लिया। धीरज और किशन ने जिन लोगों माल बेचने के लिए बुलाया था। निशानदेही पर पुलिस ने भोजपुर निवासी ओमेश, पिलखुवा निवासी इसरार, अतुल और मसूरी निवासी शकील को गिरफ्तार किया। सीओ सदर ने बताया कि कॉपर के माल की कीमत एक करोड़ रुपये और ट्रक की कीमत 20 लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों पर कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया।