बार एसोसिएशन के चुनावो में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करते राजकुमार चौधरी।
बार चुनाव : दो प्रत्याशी अध्यक्ष पद के लिए मैदान में
गाजियाबाद। दस जनवरी को होने वाले बार चुनाव के लिए बुधवार से नामांकन शुरू हो गया। पहले दिन अलग-अलग पदों के लिए कुल 54 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र लिया। अध्यक्ष पद के लिए दो और सचिव पद के लिए एक प्रत्याशी सहित कुल 41 लोगों ने नामांकन किया।
बार अध्यक्ष एवं चुनाव अधिकारी मुनीष त्यागी ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए योगेंद्र कौशिक उर्फ राजू और राजकुमार चौधरी ने नामांकन पत्र भरा है। सचिव पद के लिए पूर्व सहायक शासकीय अधिवक्ता राजीव कुमार ने नामांकन किया। संभावना है कि बृहस्पतिवार को सचिव पद के लिए दो और प्रत्याशी नामांकन कर सकते हैं। बृहस्पतिवार को नामांकन का अंतिम दिन है। दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक नामांकन होगा।
चुनाव के सहसंयोजक एवं सचिव मनमोहन शर्मा ने बताया कि अध्यक्ष, सचिव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, सह-सचिव प्रशासन व वरिष्ठ और कनिष्ठ सदस्य के लिए पहले दिन कुल 41 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। सात जनवरी को 11 से दोपहर एक बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा। उसी दिन तीन बजे सभी प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। 10 जनवरी को सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। चुनाव के दिन ही शाम साढ़े पांच बजे से मतों की गिनती कर परिणाम घोषित किया जाएगा।