आवेदन में गलत पता, पासपोर्ट की 7679 फाइलें निरस्त
गाजियाबाद। पासपोर्ट आवेदन में गलत वर्तमान और स्थायी पता देने वाले आवेदकों की फाइलों पर क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ) ने कार्रवाई की है। कार्यालय ने 2020 में पता संबंधी गलत जानकारी देने पर 7679 आवेदकों की फाइलों को बंद कर दिया है। ऐसे में ऐसे आवेदकों को अब नए सिरे से आवेदन करना होगा। गलत पता संबंधी अधिकांश मामले पुलिस वेरिफिकेशन की प्रक्रिया में पकड़े जा रहे हैं।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी सुब्रतो हाजरा का कहना है कि पासपोर्ट आवेदन में हर तीसरे आवेदक का या तो वर्तमान या फिर स्थायी पता गलत निकल रहा है। आवेदकों की त्रुटियों के चलते काफी वक्त भी जाया हुआ। इसी के चलते फाइलों को निरस्त करने के बाद आवेदकों को नए सिरे से आवेदन करना होगा। ऐसी किसी परेशानी से बचने के लिए वर्तमान और स्थायी पते की सही जानकारी दें। इसके अलावा नए व पुराने पासपोर्ट आवेदन की जानकारी देने केसाथ अन्य सूचनाएं सावधानी से भरें।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि गलत वर्तमान और स्थायी पता के अधिकांश मामले गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर जनपद के आवेदकों के हैं। बाकी मामले क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय से संबद्ध आगरा, अलीगढ़, बागपत, बुलंदशहर, हापुड़, हाथरस, मथुरा, मेरठ, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर और शामली के हैं। पता संबंधी सबसे ज्यादा दिक्कत एनसीआर क्षेत्र में नौकरीपेशा लोगों की संख्या अधिक होना भी बताया जा रहा है।