विधायक के भाई का चार घंटे का रिमांड मंजूर
गाजियाबाद। मामा नरेश त्यागी की हत्या के मामले में जेल में बंद भाजपा विधायक का भाई गिरीश पाल त्यागी रविवार को पुलिस कस्टडी रिमांड पर आएगा। सीजेएम कोर्ट ने शनिवार को सुनवाई के दौरान गिरीश का चार घंटे का पीसीआर मंजूर किया है। सिहानी गेट पुलिस उसे रविवार सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक सीन ऑफ प्लानिंग पर ले जाकर पूछताछ करेगी।
9 अक्तूबर 2020 को लोहिया नहर में भाजपा विधायक अजीत पाल त्यागी के मामा नरेश त्यागी की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। बाद में खुलासा हुआ कि विधायक के भाई गिरीश पाल त्यागी ने ही भाड़े के शूटर्स से मामा की हत्या कराई थी। पुलिस ने सद्दीक नगर निवासी जितेंद्र त्यागी समेत चार लोगों को जेल भेजा था, जबकि लोहियानगर निवासी गिरीश पाल त्यागी घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। मृतक के परिजनों द्वारा मोर्चा खोलने पर गिरीश पाल त्यागी दो महीने की मोहलत मांगने के लिए हाईकोर्ट पहुंचा था, लेकिन वहां से उसे निचली अदालत में जाने के निर्देश दिए थे। गिरीश ने 8 नवंबर को 200 वकीलों के घेरे में सीजेएम कोर्ट में समर्पण किया था।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये हुई गिरीश की पेशी
गिरीश के जेल जाने के बाद नरेश त्यागी के परिजनों ने पुलिस पर उसे पीसीआर पर लेकर पूछताछ करने की मांग की थी। जिसके चलते सिहानी गेट पुलिस ने सीजेएम कोर्ट में पीसीआर की अर्जी लगाई थी। शनिवार को अर्जी पर सुनवाई हुई, जिसमें वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये गिरीश की पेशी हुई। दोनों पक्षों के वकीलों की जिरह के बाद कोर्ट ने रविवार सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक गिरीश को पुलिस कस्टडी रिमांड पर देने की मंजूरी दी।
जिरह के दौरान दोनों पक्षों के तर्क और दलील
पुलिस : पुलिस ने कहा कि हत्या का गंभीर मामला है। पुलिस को दिए बयान में गिरीश पाल त्यागी ने अपना जुर्म कबूल किया है। हत्या की योजना किस तरह बनाई गई, यह जानने के लिए गिरीश को सीन ऑफ प्लानिंग पर ले जाना आवश्यक है। वहां ले जाकर पूछताछ करने में कुछ महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।