छात्रों को व्हाट्सएप से दिया जाता था गांजे का ऑर्डर
गाजियाबाद। विजयनगर थाना पुलिस ने व्हाट्सएप से ऑर्डर लेकर छात्र और युवाओं को गांजा पहुंचाने वाले चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनसे छह किलो गांजा भी बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम सोनू, गौरव, दक्ष और सोनू कुमार बताया।
पुलिस के अनुसार आरोपी कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र और युवाओं से व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क करते थे। छोटे पैकेट की कीमत 200 से 300 रुपये लेते थे। आरोपियों ने बताया कि जो युवा पहले से उनसे गांजा लेते थे, उनसे वह कॉलेज व अन्य लोगों के नंबर लेते थे। फिर उनसे संपर्क करके गांजे की सप्लाई करते थे। इसके अलावा आरोपी स्कूल कॉलेज के पास पान की दुकानों पर संपर्क करके उनकेपास गांजा रख देते थे। उनको भी कमीशन दिया जाता था। उन्होंने बताया कि गांजा बेचने के लिए एक ग्रुप बनाया हुआ है, जिसमें काफी युवा जुड़े हुए हैं। आरोपी कुछ छात्रों को लालच देकर कम दाम में गांजा देते थे, जिससे वह उनके ग्राहक बढ़ाने में मदद करते हैं। आरोपियों ने बताया कि उनके संपर्क में वर्तमान में 500 से ज्यादा छात्र और युवा हैं, जिन्हें गांजे की सप्लाई कर रहे हैं। लगातार कस्टमर बढ़ते जा रहे हैं।