दो ठेकेदारों को दे दिया एक सड़क का ठेका
गाजियाबाद। गोविंदपुरम में एक सड़क का ठेका दो ठेकेदारों को देकर धांधली का मामला अब लोकायुक्त तक पहुंच गया है। मामले में कविनगर जोन के अवर अभियंता पर शिकायतकर्ता ठेकेदार ने भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। लोकायुक्त ने नगर आयुक्त को पत्र भेजकर मामले की जांच वरिष्ठ अधिकारियों की दो सदस्यीय टीम से कराकर तलब की है।
मामला गोविंदपुरम के सी-ब्लॉक की एक सड़क का है। मवाना निवासी और राजीव कंस्ट्रक्शंस नाम की फर्म के संचालक राजीव कुमार रस्तोगी ने लोकायुक्त से जनवरी 2021 में शिकायत की थी। उनका आरोप है कि गोविंदपुरम सी-ब्लॉक पानी की टंकी के बरामद में मेन रोड से सी-77 तक डेंस से सड़क सुधार, नाली और टाइल्स का काम किया गया। करीब सवा आठ लाख के इस कार्य के लिए उनकी फर्म राजीव कंस्ट्रक्शन से क्वालीफाई किया और मार्च 2017 में निगम ने उन्हें कार्यादेश जारी कर दिया। इसके बाद 23 मई 2017 को इसी काम का कार्यादेश सीमा कंस्ट्रक्शन नाम की फर्म को दे दिया गया। जून 2017 में इस फर्म का बिल मेजरमेंट भी कर दिया गया, जबकि उनकी फर्म का भुगतान नहीं किया गया। राजीव रस्तोगी ने शिकायत में आरोप लगाया है कि कविनगर जोन के अवर अभियंता योगेश कुमार ने उनसे कहा कि डेंस का काम हम किसी और फर्म से करा लेंगे, तुम 1.25 लाख रुपये मुझे दे दो। यह रकम देने के बाद भी अवर अभियंता ने बिल मेजरमेंट नहीं किया और न ही भुगतान होने दिया। इसकी शिकायत नगर निगम के तत्कालीन अधिकारियों से की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद लोकायुक्त से शिकायत की गई थी।
26 नवंबर तक देनी होगी रिपोर्ट
लोकायुक्त के सचिव अनिल कुमार सिंह की ओर से नगरायुक्त को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि शिकायतकर्ता की आपत्तियों की जांच वरिष्ठ अधिकारियों की दो सदस्यीय जांच समिति से कराकर जांच आख्या 26 नवंबर तक भेज दें। उन्होंने जांच के दौरान शिकायतकर्ता का भी पक्ष उसकी आपत्तियों के संबंध में जरूर सुना जाए।
जांच कराएंगे
लोकायुक्त की ओर से भेजा गया पत्र अभी देखा नहीं है। लोकायुक्त की ओर से जो भी जांच रिपोर्ट या दस्तावेज मांगे गए वह निर्धारित समयावधि में भेजे जाएंगे। मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।
- महेंद्र सिंह तंवर, नगरायुक्त