गाजियाबाद में आज रहेगा डायवर्जन, रूट देखकर निकलें
गाजियाबाद। यातायात पुलिस सुबह छह बजे से कार्यक्रम के समाप्ति तक ट्रैफिक को डायवर्ट कर देगी। ऐसे में घर से निकलने से पहले ट्रैफिक रूट को जरूर समझ लें। एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाह ने बताया कि आठ अक्तूबर को राजनगर एक्सटेंशन चौराहे की तरफ से किसी भी प्रकार के बड़े वाहन वाहन रोटरी गोलचक्कर की ओर नहीं जा सकेंगे।
राजनगर एक्सटेंशन चौराहे से छोटे-हल्के चार पहिया वाहन ट्रांस हिंडन, सीमापुर बॉर्डर या भोपुरा जाने वाले वाहन वाया मेरठ रोड तिराहे से मोहन नगर पहुंचेंगे। इसके बाद सीधी दिशा में राजेंद्र नगर गोल चक्कर के पास बीकानेर से होते हुए करनगेट चौकी की तरफ अपने गंतव्य को जा पाएंगे। एलिवेटेड रोड पूरी तरह से सामान्य ट्रैफिक के लिए बंद रहेगी। इधर, भोपुरा आने वाले छोटे वाहन करनगेट चौकी होते हुए बीकानेर गोल चक्कर से मोहन नगर पहुंचकर फिर अपने गंतव्य की तरफ जा पाएंगे। लोनी से आने वाले बड़े वाहन टीला मोड़ से वाया पाइप लाइन मुरादनगर होकर आगे बढ़ेंगे। हिंडन वायुसेना स्टेशन के पास रोटरी गोलचक्कर, नागद्वार, एयरफोर्स गोलचक्कर से चौकी करनगेट चौकी तक ट्रैफिक पूरी तरह बंद रहेगा। मोहन नगर चौराहे से किसी भी प्रकार का वाहन एयरफोर्स की तरफ नहीं जा सकेंगे। दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहन चालक एनएच-9 होकर मॉडल टाउन सेक्टर-62 से नोएडा होते हुए दिल्ली जा पाएंगे।