बसपा जिला उपाध्यक्ष के पोस्टर पर पोती स्याही
गाजियाबाद। बहुजन समाज पार्टी के जिला उपाध्यक्ष मुनव्वर चौधरी के पोस्टर पर मंगलवार को किसी ने स्याही पोत दी। नौ अक्तूबर को बसपा के संस्थापक कांशीराम के 15वें परिनिर्वाण दिवस के उपलक्ष्य में शहर में जगह-जगह श्रद्घांजलि देने के लिए पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों पर जिला उपाध्यक्ष के अलावा बसपा सुप्रीमो और जिलास्तरीय पदाधिकारियों के फोटो भी लगे हैं। खास बात यह कि केवल जिला उपाध्यक्ष के चित्र पर ही स्याही डाली गई है।
गत वर्ष भी ईद और रक्षाबंधन की बधाई देने के लिए लगे पोस्टर पर जिला उपाध्यक्ष के फोटो पर स्याही पोती गई थी। इसको लेकर बसपा नेताओं की अंतरकलह सामने आई थी। लखनऊ में बैठे बड़े नेताओं के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ था।
जिला उपाध्यक्ष बसपा मुनव्वर चौधरी : मैं बसपा का सिपाही हूं और उसके लिए तन मन से कार्य करता रहूंगा। कुछ असामाजिक तत्व हर वर्ष मेरे पोस्टर पर स्याही डलवाकर मेरी छवि खराब करना चाहते हैं। मैं इससे डरने वाला नहीं हूं। इस प्रकरण से मैंने उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया है।
जिलाध्यक्ष बसपा वीरेंद्र कुमार जाटव : ऐसा करने वाला व्यक्ति हमारी पार्टी का नहीं हो सकता है। कोई असामाजिक तत्व है। इसकी जांच कराएंगे।